अकलतरा में यातायात नियम तोड़ने वालों पर पुलिस की सख्ती
जांजगीर-चांपा, 27 अगस्त (हि. स.)। अकलतरा शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। सड़क पर लापरवाहीपूर्वक वाहन खड़ा कर यातायात बाधित करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ थाना अकलतरा पुलिस ने आज मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की। अभियान के दौरान 41 वाहनों के खिलाफ नो-पार्किंग की कार्रवाई की गई, जबकि तीन सवारी बैठाकर वाहन चलाने और शराब पीकर वाहन चलाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार अकलतरा के शास्त्री चौक से रेलवे स्टेशन और डाकघर के बीच कई वाहन चालक सड़क पर ही वाहन खड़ा कर देते हैं। इससे मुख्य मार्ग पर आवागमन प्रभावित होता है और यातायात व्यवस्था बिगड़ती है। इसी समस्या को देखते हुए पुलिस ने क्षेत्र में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान चलाया।
कार्रवाई के दौरान सड़क पर नो-पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा करने वाले 41 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इसके अलावा तीन सवारी बैठाकर वाहन चलाने वाले 8 वाहन चालकों तथा शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ भी मोटर व्हीकल एक्ट की धाराओं के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस ने बताया कि अकलतरा शहर में दुकानों के सामने निर्धारित पार्किंग स्थल पर ठेले और गुमचे लगाए जाने से सड़क की चौड़ाई कम हो रही है। इसके कारण कई स्थानों पर वाहनों की आवाजाही बाधित होती है और यातायात जाम की स्थिति बनती है। पुलिस द्वारा लगातार ऐसे स्थानों पर निगरानी रखकर यातायात व्यवस्था सुधारने का प्रयास किया जा रहा है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा विजय कुमार पाण्डेय आईपीएस के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. युलैण्डन यार्क एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात उदयन बेहार के मार्गदर्शन में की गई। अनुविभागीय अधिकारी पुलिस अकलतरा डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण में थाना अकलतरा पुलिस ने अभियान चलाया।
कार्रवाई थाना प्रभारी निरीक्षक जय कुमार साहू के नेतृत्व में थाना अकलतरा के पुलिस स्टाफ द्वारा की गई। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, नो-पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा न करें और शराब के नशे में वाहन न चलाएं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यातायात व्यवस्था प्रभावित करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ आगे भी इसी तरह कार्रवाई जारी रहेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT