अछोटा पुल की रेलिंग तोड़ 60 फीट नीचे गिरी ट्रैक्टर-ट्रॉली, चालक-हेल्पर ने कूदकर बचाई जान
धमतरी, 02 अक्टूबर (हि.स.)। अछोटा पुल पर शुक्रवार को बड़ा हादसा टल गया। बाइक चालक को बचाने के प्रयास में तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग तोड़ते हुए करीब 50 से 60 फीट गहराई में नीचे जा गिरी। हादसे के दौरान ट्रैक्टर चालक और हेल्पर ने समय रहते छलांग लगाकर अपनी जान बचा ली, हालांकि दोनों को चोटें आई हैं।
दुर्घटना में ट्रैक्टर-ट्रॉली बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। अर्जुनी पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार दो अक्टूबर को ट्रैक्टर चालक अनोद कुमार ध्रुव (29) और हेल्पर योगेश साहू (25) ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर जा रहे थे। इसी दौरान अछोटा पुल पर अचानक सामने आए बाइक सवार को बचाने के प्रयास में चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। देखते ही देखते ट्रैक्टर-ट्रॉली पुल की रेलिंग से जा टकराई और रेलिंग तोड़ते हुए पुल के नीचे गहरी खाई में जा गिरी। वाहन के पुल से नीचे गिरने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे के समय चालक और हेल्पर ने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन से छलांग लगा दी, जिससे उनकी जान बच गई। दोनों को चोटें आने पर सेवा समिति एवं इंडियन रेडक्रास के वाइस चेयरमैन शिवा प्रधान तत्काल मौके पर पहुंचे और घायल चालक व हेल्पर को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां दोनों का इलाज किया गया। घटना की सूचना मिलते ही अर्जुनी पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी भी मौके पर पहुंचे और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी। पुलिस बाइक चालक की भूमिका सहित पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है। पुल की रेलिंग टूटने और ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे गिरने से हादसे की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है। गनीमत रही कि चालक और हेल्पर ने समय रहते वाहन से छलांग लगा दी, अन्यथा हादसा और भी गंभीर हो सकता था।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा