धान की कमाई से खरीदा ट्रैक्टर, अब बेटे के हाथों में खेती की खुशहाली की कमान
47 क्विंटल धान लेकर सोरम उपार्जन केंद्र पहुंचे बोरिदखुर्द के किसान रामरतन साहू, शासन की योजनाओं और खरीद व्यवस्था पर जताया संतोष
धमतरी, 16 नवंबर (हि.स.)। किसान की मेहनत को जब उपज का उचित मूल्य मिलता है, तो वह परिवार की खुशहाली के साथ खेती को भी नई मजबूती देने का माध्यम बनती है। इसकी प्रेरक तस्वीर ग्राम बोरिदखुर्द के किसान रामरतन साहू के परिवार में देखने को मिल रही है। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने के बाद रामरतन साहू सोमवार को अपनी पहली खेप में 47 क्विंटल धान लेकर सोरम उपार्जन केंद्र पहुंचे।
उन्होंने बताया कि अपने लगभग ढाई एकड़ खेत में धान की फसल ली है और ऑनलाइन टोकन कटवाकर खरीदी के पहले दिन ही उपज बेचने पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि समर्थन मूल्य पर धान विक्रय से मेहनत का उचित मूल्य मिलने का भरोसा रहता है और अगली फसल की तैयारी में भी आर्थिक मदद मिलती है। रामरतन साहू ने बताया कि पिछले वर्ष धान बेचने से मिली राशि का सदुपयोग करते हुए उन्होंने ट्रैक्टर खरीदा था। अब उनका बेटा ट्रैक्टर चलाकर खेती के कार्यों में सहयोग कर रहा है। पहले कृषि कार्यों के लिए दूसरे साधनों पर निर्भर रहना पड़ता था, लेकिन अपना ट्रैक्टर होने से खेती के काम आसान हो गए हैं।
उन्होंने बताया कि परिवार को महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना और सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत राशन कार्ड से मिलने वाली सुविधाओं का लाभ भी मिल रहा है। महिलाओं को महतारी वंदन योजना की राशि, उज्ज्वला योजना से गैस कनेक्शन तथा हर महीने 35 किलो चावल मिलने से घरेलू खर्च में राहत मिलती है। सोरम उपार्जन केंद्र की व्यवस्थाओं पर संतोष जताते हुए उन्होंने कहा कि यहां पेयजल, धान तौल और बारदाने की व्यवस्था की गई है। ऑनलाइन टोकन के माध्यम से उपज बेचने में भी सुविधा मिल रही है।
कृषक उन्नति योजना का उल्लेख करते हुए उन्होंने शासन और मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया। रामरतन साहू की कहानी बताती है कि खेती से प्राप्त आमदनी का सही उपयोग परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के साथ कृषि को भी आत्मनिर्भर बना सकता है। पिछले साल धान की कमाई से खरीदा गया ट्रैक्टर आज उनके बेटे के हाथों में खेती की जिम्मेदारी और परिवार की खुशहाली का आधार बन रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा