पर्यटन, मखाना उत्पादन और दुग्ध व्यवसाय से संवरेगी नगरी-सिहावा की तस्वीर

 




धमतरी, 25 नवंबर (हि.स.)। राम वनगमन पथ, गणेश घाट और श्रृंगी ऋषि क्षेत्र में पर्यटन सुविधाओं के विस्तार की तैयारी, किसानों को मखाना खेती और दुग्ध व्यवसाय से जोड़ने पर जोर

नगरी-सिहावा अंचल की प्राकृतिक सुंदरता, धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान दिलाने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने जिला प्रशासन ने विकास की नई कार्ययोजना तैयार की है। इसके तहत क्षेत्र में पर्यटन सुविधाओं के विस्तार के साथ मखाना उत्पादन और दुग्ध व्यवसाय को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने बुधवार को नगरी प्रवास के दौरान विभिन्न विकास कार्यों और प्रस्तावित योजनाओं का स्थल निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने राम वनगमन पथ देवपुर में निर्माणाधीन कॉटेज एवं हॉल का निरीक्षण किया। परिसर में छह कॉटेज, दो डॉरमेट्री और गार्डन सहित अन्य सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। कलेक्टर ने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का ध्यान रखते हुए इन्हें शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि बेहतर पर्यटन सुविधाएं विकसित होने से क्षेत्र में पर्यटकों का आगमन बढ़ेगा और स्थानीय युवाओं, ग्रामीणों तथा छोटे व्यवसायियों के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। उन्होंने गणेश घाट को आकर्षक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की योजना की भी जानकारी ली। यहां वर्षभर पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक संरचना का निर्माण कराया जा रहा है। इसके साथ ही भव्य घाट, पार्क, रेस्टोरेंट और रिसॉर्ट जैसी सुविधाएं विकसित करने का प्रस्ताव है।

वहीं श्रृंगी ऋषि पर्वत स्थित मंदिर तक श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुगम पहुंच सुनिश्चित करने के लिए सड़कों के चौड़ीकरण की योजना बनाई गई है। इसका सर्वे लगभग पूरा हो चुका है। कलेक्टर ने अधिकारियों को आगे की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। इस दौरान पंचायत पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों से चर्चा करते हुए उन्होंने विकास कार्यों में स्थानीय लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया। किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से कलेक्टर ने मखाना उत्पादन के लिए विकसित लगभग 100 एकड़ क्षेत्र के तालाबों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में उपलब्ध जल संसाधनों का बेहतर उपयोग कर मखाना उत्पादन को लाभकारी आजीविका के रूप में विकसित किया जा सकता है। इससे किसानों को पारंपरिक खेती के अलावा आय का नया विकल्प मिलेगा। उत्पादन के साथ प्रसंस्करण और विपणन गतिविधियों को भी बढ़ावा देने की संभावनाएं हैं। ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के लिए दुग्ध व्यवसाय को संगठित करने की दिशा में भी पहल की जा रही है। नगरी रेस्ट हाउस में पशु सखियों की बैठक लेकर कलेक्टर ने दुग्ध उत्पादन, पशुपालकों के पंजीयन और संग्रहण व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि नगरी के आसपास लगभग 10 दुग्ध संग्रहण केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं। इन केंद्रों के माध्यम से सुबह और शाम दो समय दूध का संग्रहण किया जाएगा, जिससे पशुपालकों को नियमित विक्रय की सुविधा और बेहतर मूल्य मिल सकेगा। उन्होंने पशु सखियों को अधिक से अधिक किसानों एवं पशुपालकों को इन केंद्रों से जोड़ने के निर्देश दिए। साथ ही पशुओं के स्वास्थ्य, पोषण और दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने कहा। कलेक्टर ने राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड के माध्यम से पशु सखियों को गुजरात भ्रमण पर भेजने की योजना की जानकारी देते हुए कहा कि वहां की उन्नत तकनीकों और सहकारी दुग्ध व्यवस्था का अनुभव नगरी क्षेत्र में उपयोगी साबित होगा। बैठक में चिलिंग प्लांट के संचालन में आ रही समस्याओं पर भी चर्चा हुई।

कलेक्टर ने इसके सुचारु संचालन के लिए आवश्यक भवन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। प्रशासन की इन पहलों से नगरी-सिहावा अंचल में पर्यटन, कृषि और पशुपालन आधारित गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है। इससे स्थानीय किसानों, पशुपालकों, महिलाओं और युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर बढ़ेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा