बलरामपुर : सेवा सेतु में 13,912 आवेदन निपटाकर निर्दोष लकड़ा बने टॉप वीएलई

 


बलरामपुर, 05 अगस्त (हि.स.)। सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से सरकारी सेवाओं को लोगों तक आसान और समयबद्ध तरीके से पहुंचाने में बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के वीएलई निर्दोष लकड़ा ने प्रदेशस्तर पर पहचान बनाई है। वर्ष 2025-26 में उन्होंने सेवा सेतु के माध्यम से 13,912 आवेदनों का निराकरण किया। उनके बेहतर प्रदर्शन के लिए उन्हें प्रदेश के टॉप ट्रांजैक्शन वीएलई के रूप में सम्मानित किया गया है।

सेवा सेतु पोर्टल और ई-डिस्ट्रिक्ट सेवाओं के संचालन में उत्कृष्ट कार्य के लिए राज्यस्तरीय कार्यक्रम में वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने निर्दोष लकड़ा को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। यह सम्मान ग्रामीण क्षेत्रों के उन लोगों के लिए भी महत्वपूर्ण है, जिन्हें उनके माध्यम से सरकारी सेवाएं आसानी से मिल रही हैं।

पहले ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को आय, जाति, निवास और जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र जैसी सेवाओं के लिए कई बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे। इससे समय और पैसा दोनों खर्च होता था। सेवा सेतु के जरिए अब ऐसी कई सेवाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन और प्रक्रिया पूरी करने की सुविधा मिल रही है।

निर्दोष लकड़ा ने अपने सेवा केंद्र के माध्यम से लोगों को इन सेवाओं का लाभ दिलाने पर लगातार काम किया। तकनीक की समझ और लोगों की मदद करने के प्रयास से उनका केंद्र ग्रामीणों के लिए भरोसेमंद सेवा केंद्र बन गया है।

वर्ष 2025-26 में 13,912 आवेदनों का निराकरण उनकी कार्यक्षमता और निरंतर सेवा का प्रमाण है। उनकी उपलब्धि से जिले में डिजिटल माध्यम से सरकारी सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के प्रयासों को भी मजबूती मिली है।

निर्दोष लकड़ा ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि तकनीक के माध्यम से लोगों का समय और मेहनत बचाना है। उन्होंने कहा कि जब लोगों को बिना परेशानी के समय पर सेवाएं मिलती हैं, तभी डिजिटल व्यवस्था का उद्देश्य पूरा होता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय