आज से मिलने लगेंगे धान खरीद के टोकन, तुंहर टोकन मोबाइल ऐप की सुविधा

 


जगदलपुर, 10 नवंबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ सहित बस्तर के किसानों के लिए आज का दिन बेहद अहम है। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर धान खरीद के लिए आज मंगलवार, 10 नवंबर से टोकन जारी करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।

छत्तीसगढ़ में 15 नवंबर से धान की खरीद शुरू होनी है, लेकिन टोकन की व्यवस्था आज से ही लागू कर दी गई है ताकि आखिरी समय में केंद्रों पर भीड़ न लगे और किसान आराम से अपनी तारीख चुन सकें।

इस बार सरकार ने धान खरीद की व्यवस्था को पहले से बड़ा कर दिया है। प्रदेश में 360 नए उपार्जन केंद्रों को मिलाकर कुल 3,100 केंद्रों पर धान खरीदी होगी। राज्य में 27.50 लाख से अधिक किसानों से धान खरीदने की तैयारी है। केंद्रों पर बारदाने, तौल कांटा, पानी, छाया और बैठने की व्यवस्था के निर्देश दिए गए हैं। सरकार का दावा है कि इस बार खरीद के साथ-साथ धान के सुरक्षित रखरखाव, उठाव और परिवहन पर भी खास ध्यान दिया जाएगा ताकि केंद्रों पर धान सड़ने या भीगने की शिकायत न आए।

इस बार किसानों को केंद्र पर लाइन में लगने की जरूरत नहीं पड़ेगी। धान खरीद के लिए तुंहर टोकन मोबाइल ऐप की सुविधा दी गई है। किसान घर बैठे अपने मोबाइल से ही टोकन बुक कर सकेंगे। ऐप में अपना पंजीयन नंबर और जरूरी जानकारी डालनी होगी। इसके बाद आधार से जुड़े मोबाइल नंबर पर आए ओटीपी से पहचान का सत्यापन होगा। सत्यापन पूरा होते ही किसान अपनी पात्रता और खाली स्लॉट के हिसाब से धान बेचने की तारीख चुन सकेंगे। टोकन बुक होते ही उसकी जानकारी मोबाइल पर ही मिल जाएगी।

टोकन की व्यवस्था किसानों के पंजीकृत कृषि रकबे के हिसाब से तय की गई है। दो एकड़ तक जमीन वाले किसानों को अधिकतम एक टोकन मिलेगा। दो एकड़ से ज्यादा और दस एकड़ तक जमीन वालों को अधिकतम दो टोकन दिए जाएंगे। वहीं दस एकड़ से ज्यादा जमीन वाले बड़े किसानों को अधिकतम तीन टोकन मिलेंगे। जिन किसानों को एक से ज्यादा टोकन की पात्रता है, वे अलग-अलग तारीखों पर धान बेच सकेंगे। किसान को अपनी पात्र मात्रा के हिसाब से ही धान लेकर जाना होगा, ज्यादा धान लाने पर केंद्र पर लौटाया जा सकता है।

केंद्र की दैनिक खरीद क्षमता के हिसाब से टोकन का बंटवारा किया गया है। कुल टोकन का 70 प्रतिशत मोबाइल ऐप से और 30 प्रतिशत सहकारी समिति स्तर पर जारी किया जाएगा। ऑनलाइन टोकन में भी लघु और सीमांत किसानों को प्राथमिकता दी गई है। ऑनलाइन कोटे में 80 प्रतिशत हिस्सा छोटे किसानों के लिए और 20 प्रतिशत हिस्सा बड़े किसानों के लिए रखा गया है। इससे छोटे किसानों को टोकन के लिए भटकना नहीं पड़ेगा।जिन किसानों को मोबाइल ऐप चलाने में दिक्कत होती है, उनके लिए समिति स्तर पर भी व्यवस्था रखी गई है। ऐसे किसान अपनी संबंधित सहकारी समिति में जाकर टोकन ले सकते हैं। समिति में पंजीयन की स्थिति, रकबा और टोकन की जानकारी मिल जाएगी। यानी कोई भी किसान सिर्फ इसलिए टोकन से वंचित नहीं रहेगा कि उसे मोबाइल चलाना नहीं आता।

इस बार धान खरीद में किसान पंजीयन और पहचान सत्यापन पर खास जोर है। पिछले साल एग्रीस्टैक आईडी से पंजीकृत किसानों को दोबारा पंजीयन से छूट की जानकारी दी गई है, लेकिन फिर भी किसान अपनी पंजीयन स्थिति, रकबा और अन्य विवरण की पुष्टि जरूर कर लें। खरीदी केंद्रों पर बायोमेट्रिक सत्यापन की व्यवस्था लागू रहेगी। डिजिटल क्रॉप सर्वे के माध्यम से किसानों के धान के रकबे का ऑनलाइन निर्धारण किया गया है। अगर सर्वे में रकबा कम दिख रहा है, तो पहले ही सुधार करा लें, वरना केंद्र पर परेशानी होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे