रामानुजगंज में निकली तिरंगा यात्रा, बड़ी संख्या में छात्र और नागरिक हुए शामिल
बलरामपुर, 13 अगस्त (हि.स.)। बलरामपुर जिले के रामानुजगंज में गुरुवार को देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश देते हुए तिरंगा यात्रा निकाली गई। नगर पंचायत रामचंद्रपुर और नगर पालिका रामानुजगंज के तत्वाधान में आयोजित इस यात्रा में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। हाथों में तिरंगा लेकर निकले लोगों ने देशभक्ति की भावना के साथ नगर का भ्रमण किया।
तिरंगा यात्रा की शुरुआत हाई स्कूल ग्राउंड से हुई। यहां से यात्रा लरंगसाय चौक पहुंची, जहां काका लरंगसाय की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। इसके बाद तिरंगा यात्रा नगर के विभिन्न चौक-चौराहों से होते हुए आगे बढ़ी। यात्रा के दौरान लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।
यात्रा गांधी चौक के पास पहुंची, जहां महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। इसके बाद तिरंगा यात्रा का विधिवत समापन हुआ। यात्रा में शामिल लोगों ने राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए देश की एकता और अखंडता का संदेश दिया।
तिरंगा यात्रा में भाजपा जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश जायसवाल, रामानुजगंज नगरपालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल, भाजपा कार्यकर्ता, रामानुजगंज अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, नगरपालिका सीएमओ, थाना प्रभारी सहित बड़ी संख्या में स्कूली छात्र शामिल हुए। अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और छात्रों की मौजूदगी से यात्रा में उत्साह का माहौल रहा।
मीडिया से बातचीत में भाजपा जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देश पर पिछले कई वर्षों से 26 जनवरी और 15 अगस्त के अवसर पर तिरंगा यात्रा निकाली जा रही है। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी में देशप्रेम की भावना को मजबूत करना है।
उन्होंने कहा कि देश की आजादी के लिए स्वतंत्रता सेनानियों और अमर शहीदों ने अपना बलिदान दिया है। तिरंगा यात्रा के माध्यम से उनके बलिदान और योगदान को याद करने के साथ ही नई पीढ़ी को देश के प्रति जिम्मेदारी और राष्ट्रभक्ति का संदेश देने का प्रयास किया जाता है।
रामानुजगंज में निकली इस तिरंगा यात्रा के दौरान नगर में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला। स्कूली छात्रों और नागरिकों की भागीदारी ने कार्यक्रम को खास बना दिया। यात्रा के माध्यम से लोगों ने राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान के साथ देश की एकता और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय