कोरबा में लंबित शिकायतों का समय पर निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश
कोरबा, 29 सितंबर (हि. स.)। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आज समय-सीमा की बैठक लेकर शासन की योजनाओं और विभागीय कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।
उन्होंने मुख्यमंत्री जनदर्शन, पीएमओ-पीजी पोर्टल और कलेक्टर जनदर्शन में दर्ज लंबित प्रकरणों का समय पर निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि शिकायतों पर की गई कार्रवाई की नियमित समीक्षा की जाए और आवेदकों को निराकरण की जानकारी भी दी जाए।
सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित होने वाले सेवा सेतु शिविरों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए उन्होंने सभी विभागों को शिविरों में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने और पात्र हितग्राहियों की सूची पहले से तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिविरों के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ और स्वीकृत सामग्री का वितरण सुनिश्चित किया जाए। पीएमओ-पीजी पोर्टल में दर्ज शिकायतों के निराकरण पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। आधार संबंधी सेवाओं के लिए ऑपरेटर और अलग काउंटर की व्यवस्था करने को कहा गया।
कलेक्टर ने 2 से 8 अक्टूबर तक प्रस्तावित स्वच्छता गतिविधियों के तहत नदी-घाटों की सफाई, प्लास्टिक मुक्त अभियान और अन्य स्वच्छता कार्यक्रमों की तैयारी करने के निर्देश दिए। 7 अक्टूबर को प्रस्तावित सेवा ज्योति यात्रा और रैली की व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा एक अक्टूबर को अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के आयोजन के लिए समाज कल्याण विभाग को आवश्यक तैयारी करने को कहा।
प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने कमजोर प्रगति वाले ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों के कार्यों में सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने ड्रोन दीदी प्रशिक्षण और एफपीओ की बैठक आयोजित करने तथा उद्यान विभाग को ऑयल पाम की खेती को बढ़ावा देने को कहा। सहकारिता विभाग और जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के नोडल अधिकारी को उद्यानिकी, पशुपालन एवं मत्स्य विभाग से प्राप्त किसान क्रेडिट कार्ड के आवेदनों का परीक्षण कर पात्र प्रकरणों में शीघ्र स्वीकृति की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग को छात्रवृत्ति पोर्टल पर स्कूल और कॉलेज के सभी पात्र विद्यार्थियों की प्रविष्टि सुनिश्चित करने को कहा, ताकि कोई विद्यार्थी छात्रवृत्ति से वंचित न रहे। विद्युत विभाग को बिजली संबंधी शिकायतों, विशेषकर खराब ट्रांसफार्मर बदलने के मामलों में त्वरित कार्रवाई करने और शासकीय कार्यक्रमों के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सांसद, विधायक और प्रभारी मंत्री मद से स्वीकृत कार्यों की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने पुराने लंबित कार्यों को लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने सभी प्रगतिरत कार्यों को 15 अक्टूबर तक पूर्ण कर उपयोगिता प्रमाणपत्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। वसूली प्रक्रिया वाले मामलों को छोड़कर अन्य पूर्ण कार्यों के उपयोगिता प्रमाणपत्र भी निर्धारित समय तक जमा करने को कहा गया। सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को धान चबूतरों का निर्माण इस माह के अंत तक पूरा कराने के निर्देश दिए गए, ताकि आगामी धान खरीदी सीजन में धान रखने में परेशानी न हो।
बैठक में वनमंडलाधिकारी जितेंद्र उपाध्याय, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन, नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडे, ओएसडी तरुण कुमार किरण, सहायक कलेक्टर विशाल जायसवाल, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल और ओंकार यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी