हेरोइन की बिक्री व तस्करी करते धमतरी व कुरूद के तीन युवक गिरफ्तार
धमतरी, 20 सितंबर (हि.स.)। हेरोइन (चिट्टा) की बिक्री व तस्करी करते कुरूद पुलिस ने धमतरी व कुरूद के तीन युवकों को गिरफ्तार कर कार्रवाई की है। तीनों के पास से 21.51 ग्राम हिरोइन जब्त किया है, इसकी अनुमानित कीमत एक लाख रुपये से अधिक है।
कुरूद पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 19 सितंबर को शाम पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि इन्वेन्चर स्कूल तिराहा, मेघा रोड कुरूद के पास कुछ युवक अवैध मादक पदार्थ हेरोइन अपने पास रखकर ग्राहकों की तलाश कर रहे हैं। इसे गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। मौके पर मौजूद तीनों संदिग्धों को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 21.51 ग्राम हेरोइन बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपितों में घनश्याम सिन्हा उर्फ घनसु सिन्हा उम्र 24 वर्ष निवासी वार्ड क्रमांक छह कलार पारा कुरूद, ढालेन्द्र रजक उर्फ बाउ 24 वर्ष निवासी वार्ड क्रमांक 32 नयापारा धमतरी और सूरज रजक 29 वर्ष निवासी वार्ड क्रमांक 32, नयापारा, बजरंग चौक धमतरी शामिल है। आरोपितों के पास से हेरोइन, नकद राशि, बाइक और फोन को पुलिस ने जब्त कर कार्रवाई की है। तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर पुलिस ने आज रविवार काे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा