छत्तीसगढ़ के कांकेर में वन्य प्राणी भालू के हमले से तीन ग्रामीणाें की मौत

 


कांकेर, 05 अगस्त (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के नरहरपुर वन परिक्षेत्र अंर्तगत लारगांव मरकाटोला गांव में आज बुधवार दोपहर काे वन्य प्राणी भालू के भीषण हमले में भाई और बहन की दर्दनाक मौत हो गई, मादा भालू हमले के बाद मृतकाे के शवों को नोचता रहा, जिसका वीडियो भी सामने आया है। इस हमले में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

वहीं दूसरी घटना में वन्य प्राणी भालू के हमले से महिला ने दम तोड़ दिया। यह घटना भी नरहरपुर वन परिक्षेत्र के गवरसिल्ली गांव की है। भालू के हमले से तीनाें मरने वालों की पहचान हलाल जुर्री, चमरीन जुर्री एवं खोरीन बाई के रूप में हुई है।

नरहरपुर वन परिक्षेत्र में भालू गांव के आस-पास ही मौजूद है। जिससे ग्रामीणों में दहशत बनी हुई है। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर भालू की निगरानी कर रही है। इसके साथ ही ग्रामीणों को भालू से दूर रहने की अपील की गई है। इस पूरी घटना का सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि यह हादसा टाला जा सकता था। जंगल में एक मृत भालू के पास जब मादा भालू की मौजूदगी देखी गई, तो सतर्क ग्रामीणों ने इसका वीडियो बना लिया था। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से इस खतरे की जानकारी भी सार्वजनिक कर दी थी। स्थानीय लोगों का गंभीर आरोप है कि समय रहते वन विभाग ने न तो इलाके की कोई घेराबंदी की और न ही आम जनता को वहां जाने से रोकने के लिए कोई सुरक्षा प्रबंध किए। इसी प्रशासनिक लापरवाही और अनदेखी के कारण तीन ग्रामीण अनजाने में वन्य प्राणी भालू के हमले का शिकार बन गए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे