मुंगेली में दर्दनाक सड़क हादसा, विधायक पुन्नूलाल मोहले के भाई समेत तीन की मौत
मुंगेली, 15 अक्टूबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले के दशरंगपुर गांव में गुरुवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसे में मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले के भाई अधीन मोहले समेत तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में अधीन मोहले, निवासी आवासपारा दशरंगपुर, बल्लू बघेल, पिता तिजऊ राम तथा गंगा राम, निवासी रेहुंटा शामिल हैं। हादसे की खबर फैलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
घटना की जानकारी मिलते ही विधायक पुन्नूलाल मोहले जिला अस्पताल पहुंचे। पोस्टमार्टम के बाद उन्होंने तीनों मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित की। वहीं विधायक के समर्थक और भाजपा नेता-कार्यकर्ता भी जिला अस्पताल पहुंचने लगे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा विधायक पुन्नूलाल मोहले के गृह ग्राम दशरंगपुर में हुआ है। बताया जा रहा है कि अधीन मोहले गुरुवार सुबह करीब 6 बजे मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। इस दौरान वे अपने घर के बाहर सड़क किनारे खड़े होकर कुछ लोगों से चर्चा कर रहे थे। इसी बीच तेज रफ्तार और अनियंत्रित पिकअप ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि अधीन मोहले समेत तीन लोगों की जान चली गई।
प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के अनुसार, दुर्घटना के बाद पिकअप वाहन मौके से फरार हो गया। वाहन किसका है, उसे कौन चला रहा था और उसका पंजीयन नंबर क्या है, इसकी स्पष्ट जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। बताया जा रहा है कि सीसीटीवी कैमरों में एक पिकअप वाहन नजर आया है, जो तखतपुर की ओर से मुंगेली की तरफ जा रहा था। इसी दौरान दशरंगपुर में हादसा होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और वाहन की पहचान करने के साथ ही चालक की तलाश में जुटी हुई है। हालांकि, फुटेज में नजर आए वाहन की दुर्घटना में संलिप्तता की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
विधायक पुन्नूलाल मोहले के भाई अधीन मोहले एवं दो अन्य की आकस्मिक निधन से उनके परिजनों, परिचितों और समर्थकों में दुख व्याप्त है। जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद विधायक ने तीनों मृतकों को श्रद्धांजलि दी। फिलहाल पुलिस फरार पिकअप वाहन और उसके चालक का पता लगाने के लिए जांच में जुटी हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल