दीपांशु साहू हत्याकांड में संलिप्त तीन और फरार आरोपित गिरफ्तार
धमतरी, 23 अक्टूबर (हि.स.)। दीपांशु साहू हत्याकांड में संलिप्त तीन और फरार आरोपितों को पुलिस ने पकड़कर तीनों के खिलाफ जुर्म दर्ज कर शुक्रवार काे जेल भेज दिया है। इससे पहले चार अन्य आरोपित इस मामले में गिरफ्तार हो चुका है। इस हत्याकांड में अब तक कुल सात आरोपितों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
अर्जुनी पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 21 अक्टूबर की रात साढ़े 10 बजे ग्राम पंचायत मुजगहन के साहड़ा चौक के पास मुजगहन निवासी दीपांशु साहू (22 वर्ष) की आरोपितों ने डंडा व चाकू मारकर दर्दनाक हत्या कर दी थी। इस हत्याकांड में संलिप्त फरार आरोपितों में से तीन और आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है, जिसमें शंकर नागरची 19 वर्ष निवासी ग्राम रत्नाबांधा धमतरी, तामेश्वर नागरची उर्फ मोनू (19 वर्ष) निवासी रत्नाबांधा गौराचौरा और धनेश्वर नागरची (22 वर्ष) निवासी ग्राम रत्नाबांधा धमतरी शामिल है।
गिरफ्तार आरोपितों के कब्जे एवं निशानदेही से घटना में प्रयुक्त एक स्टील का स्प्रिंगदार चाकू, बांस का डंडा सहित घटना में प्रयुक्त कपड़े विधिवत जब्त किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपितों को विधिवत न्यायालय के समक्ष पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। इससे पहले इस हत्याकांड में संलिप्त फनेश्वर नेताम (18 वर्ष) रितेश नेताम (22 वर्ष) लिलेश उर्फ लिलेश्वर नेताम (20 वर्ष) और नोहर यादव उर्फ काला (उम्र 23 वर्ष) सभी रत्नाबांधा निवासी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा