आकाशीय बिजली की चपेट में आने से तीन की मौत

 

बिलासपुर, 08 अक्टूबर (हि.स.)। कोटा क्षेत्र में आकाशीय बिजली गिरने की दो अलग-अलग घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई। कोटा पुलिस ने गुरुवार को पोस्टमार्टम उपरांत शवों को परिजनों काे सौप दिया है। पुलिस मर्ग कायम कर जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार लखोदना गांव के निवासी मन्ना यादव और नवाडीह बेलगहना निवासी कुंजराम यादव दोनों की शादी लखोदना में हुई थी और वे आपस में साढू थे। बुधवार शाम खेत की ओर गए थे। शाम 6 बजे अचानक तेज बारिश हुई, इस दौरान आकाशीय बिजली गिरने से वे चपेट में आ गए। दोनों को गंभीर हालत में उपचार के लिए कोटा पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

दूसरी घटना कोटा क्षेत्र के मानपुर में हुई। जहां रहने वाले जागेश्वर जगत बुधवार शाम अपने खेत की मेड़ बांधने के लिए गए थे। शाम को अचानक तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए जागेश्वर खेत के पास एक पेड़ के नीचे चले गए। इसी दौरान पेड़ पर आकाशीय बिजली गिर गई। इसकी चपेट में आने से जागेश्वर गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। दोनों मामले में पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम उपरांत आज गुरुवार को परिजनों को सौप दिया है और जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल