कोरबा में बाउंड्री वॉल ढहने से मासूम सहित तीन घायल, डेढ़ वर्षीय बच्चे की हालत गंभीर

 


कोरबा, 27 फरवरी (हि. स.)। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत लक्ष्मण बन तालाब के पास एक निर्माणाधीन फ्लैट की बाउंड्री वॉल का हिस्सा अचानक ढह जाने से एक मासूम सहित तीन लोग घायल हो गए। घायलों में डेढ़ वर्षीय बालक की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे जिला अस्पताल में उपचार दिया जा रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना आज शुक्रवार शाम करीब 6 बजे के आसपास की है। कोतवाली के पीछे लक्ष्मण बन तालाब के निकट एक फ्लैट का निर्माण कार्य चल रहा है। फ्लैट के पिछले हिस्से में खाली जमीन पर एक लंबी और पक्की बाउंड्री वॉल बनाई गई थी, जिसके ऊपर कटीले तार भी लगाए गए थे। निर्माण कार्य के दौरान बाउंड्री वॉल के अंदर की ओर जेसीबी मशीन से मलबा और रेत को किनारे करने का काम कराया जा रहा था। इसी दौरान जेसीबी का धक्का लगने से बाउंड्री वॉल का एक हिस्सा अचानक भरभराकर गिर पड़ा।

हादसे के समय वहां से गुजर रहे और पास में खेल रहे लोग इसकी चपेट में आ गए। मलबे में दबने से स्थानीय निवासी डेढ़ वर्षीय धनेश कर्ष, संजू कर्ष (20 वर्ष) और विशाल यादव (18 वर्ष) घायल हो गए। तीनों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मासूम धनेश कर्ष की हालत गंभीर बताई है।

घटना में एक युवक की मोटरसाइकिल और पास में खड़ी एक सवारी ऑटाे भी क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर बड़ी संख्या में एकत्र हो गए और राहत कार्य में सहयोग किया। सूचना मिलने पर कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक मोतीलाल पटेल पुलिस स्टाॅफ के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया।

इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्य के दौरान पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए थे, जिसके कारण यह हादसा हुआ। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी