बालूद नाका के पास तीन वन्य प्राणी हिरण दिखे, वन विभाग ने जारी किया अलर्ट

 


दंतेवाड़ा, 26 जून (हि.स.)। जिले के बालूद नाका के पास बीती रात 3 वन्य प्राणी हिरण को देखा गया। कार में सवार युवकों ने उनका वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। इस वीडियो के वायरल होते ही वन विभाग ने शुक्रवार काे अलर्ट जारी करते हुए हिरणों की खोज शुरू कर दी है। दंतेवाड़ा जिले में हिरणों के इस छोटे से झुंड को देखे जाने की सूचना लगते ही वन विभाग की टीम के द्वारा हिरणों को खोजने का अभियान जारी है।

वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार दंतेवाड़ा जिले में 3 हिरण को देखे जाने से इस बात का अंदाजा लगाया जा रहा है कि शायद और भी हिरण इलाके में हाे सकते हैं, क्योंकि यह हिरण जंगल से भटककर शहर पहुंच गए होंगे। फिलहाल अब तक हिरणों के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं मिल पाई है। लेकिन वन विभाग का कहना है कि अगर यहां और भी हिरण है तो यह खुशी की बात है कि आने वाले दिनों में इनकी और भी संख्या देखने को मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे