जांजगीर-चांपा में तीन दिवसीय फोटो प्रदर्शनी का शुभारंभ
-प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों के विकास कार्यों को किया गया प्रदर्शित
जांजगीर-चांपा, 19 जून (हि. स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जांजगीर-चांपा जिला मुख्यालय स्थित बीडीएम उद्यान में तीन दिवसीय फोटो प्रदर्शनी का शुभारंभ किया गया। 19 से 21 जून तक आयोजित होने वाली इस प्रदर्शनी में केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, ऐतिहासिक विकास कार्यों, आत्मनिर्भर भारत अभियान और विकसित भारत-2047 के विजन को आकर्षक छायाचित्रों एवं जानकारीपरक सामग्री के माध्यम से प्रदर्शित किया जा रहा है।
कार्यक्रम का शुभारंभ सनत पांडेय, प्रदीप सराफ, बद्री प्रसाद कटकवार और गोविंद सोनी के मुख्य आतिथ्य में किया गया। इस अवसर पर पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, पूर्व संसदीय सचिव अम्बेश जांगड़े, जिला पंचायत अध्यक्ष इंजीनियर सत्यलता आनंद मिरी, नगर पालिका जांजगीर-नैला की अध्यक्ष रेखा देवा गढ़ेवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों और बड़ी संख्या में आमजन ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हुए परिवर्तनकारी कार्यों को प्रमुखता से दर्शाया गया है। इसमें गरीब कल्याण, किसान हितैषी योजनाएं, महिला सशक्तिकरण, युवा विकास, बुनियादी अधोसंरचना, आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत-2047 जैसे विषयों को विशेष स्थान दिया गया है। प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, जनधन योजना, डिजिटल इंडिया अभियान, लखपति दीदी योजना तथा विकसित भारत संकल्प अभियान की उपलब्धियों को विस्तार से प्रदर्शित किया गया है।
कृषि क्षेत्र में किए गए सुधारों और किसानों को मिलने वाले लाभों को भी प्रदर्शनी में प्रमुखता से शामिल किया गया है। ई-नाम प्लेटफॉर्म के माध्यम से कृषि विपणन को बढ़ावा देने, किसानों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने और कृषि क्षेत्र में तकनीकी सुधारों से जुड़े तथ्यों को आकर्षक तरीके से प्रस्तुत किया गया है।
प्रदर्शनी का एक प्रमुख आकर्षण एलईडी स्क्रीन भी है, जिसके माध्यम से केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं, विकास परियोजनाओं और जनहितकारी पहलों पर आधारित वृत्तचित्रों का प्रदर्शन किया जा रहा है। इन वृत्तचित्रों के जरिए आगंतुकों को योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी जा रही है।
देश के आधारभूत ढांचे में हुए अभूतपूर्व विकास को भी प्रदर्शनी में विशेष स्थान मिला है। इसमें विश्व के सबसे ऊंचे चिनाब रेलवे ब्रिज, समुद्र पर निर्मित अटल सेतु, राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क के विस्तार, वंदे भारत ट्रेनों, सेमीकंडक्टर निर्माण, डिजिटल क्रांति तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में भारत की उपलब्धियों को आकर्षक तरीके से दर्शाया गया है।
जिले में आयोजित यह तीन दिवसीय फोटो प्रदर्शनी आम नागरिकों को केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं तथा विकास कार्यों की जानकारी देने के साथ-साथ विकसित भारत के संकल्प से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम बन रही है।
हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT