एंबुलेंस पर हमला करने वाले तीन आरोपित जेल भेजे गए
धमतरी, 13 जून (हि.स.)। मानवता की सेवा में जुटी एंबुलेंस पर हमला करना और चालक के साथ दुर्व्यवहार करना तीन युवकों को भारी पड़ गया। कुरूद पुलिस ने एम्बुलेंस चालक से मारपीट, धमकी और वाहन में तोड़फोड़ कर लाखों रुपये की क्षति पहुंचाने वाले तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर शनिवार काे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आठ जून 2026 की रात ग्राम उमरदा गौठान के पास हुए सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत की सूचना मिलने पर वंदे मातरम परिवार समिति की एम्बुलेंस का चालक राधेश्याम निर्मलकर मौके पर पहुंचा था। इसी दौरान वहां मौजूद कुछ शरारती तत्वों ने एंबुलेंस के विलंब से पहुंचने का आरोप लगाते हुए चालक के साथ विवाद शुरू कर दिया। आरोपितों ने चालक के साथ अश्लील गाली-गलौच करते हुए जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्कों से मारपीट की। इतना ही नहीं, एम्बुलेंस में भी जमकर तोड़फोड़ की गई। वाहन का सामने का कांच, बोनट, एंटीगेटर सहित अन्य हिस्से क्षतिग्रस्त कर दिए गए, जिससे लगभग एक लाख रुपये का नुकसान हुआ।
पीड़ित की शिकायत पर थाना कुरुद में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं तथा चिकित्सा सेवक एवं चिकित्सा सेवा संस्थान (हिंसा तथा संपत्ति की क्षति या हानि की रोकथाम) अधिनियम 2010 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के आधार पर आरोपितों की पहचान की गई। पुलिस ने रमन दीवान (30 वर्ष), तामेश्वर पटेल (33 वर्ष), फनेन्द्र उर्फ विक्की चंद्राकर (25 वर्ष) तीन आरोपित ग्राम उमरदा, थाना कुरुद, को पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा