कोरबा : चोरी के पैसों से दिल्ली-मनाली घूमने निकले तीन आरोपित गिरफ्तार, दो विधि से संघर्षरत बालक शामिल

 


सीएसईबी और मानिकपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, पांच वारदातों का खुलासा

कोरबा, 1 मार्च (हि. स.)। जिले में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपिताें को गिरफ्तार किया है, जिनमें दो विधि से संघर्षरत बालक शामिल हैं। आरोपिताें ने चोरी की रकम से दिल्ली और मनाली घूमने जाने की बात भी स्वीकार की है।

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी के पर्यवेक्षण में थाना सिविल लाइन रामपुर अंतर्गत चौकी सीएसईबी और चौकी मानिकपुर पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाया।

जानकारी के अनुसार, चौकी सीएसईबी क्षेत्र के मानसनगर और टीपी नगर स्थित चार मकान एवं दुकानों, तथा चौकी मानिकपुर क्षेत्र की एक दुकान में ताला तोड़कर नगदी व सोने-चांदी के जेवरात सहित अन्य सामान की चोरी की गई थी। इन मामलों में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना की जा रही थी।

जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर राजूदास मानिकपुरी (19 वर्ष), निवासी मुड़ापार मानिकपुर तथा उसके दो सहयोगियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपिताें ने मानसनगर, टीपी नगर और कुआंभट्ठा क्षेत्र में चोरी की घटनाएं करना स्वीकार किया।

पुलिस ने आरोपिताें के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे का रॉड, मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 12 बीई 8715 तथा नगदी रकम जब्त की है। मुख्य आरोपित को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि विधि से संघर्षरत बालकों के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।

इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी सीएसईबी सउनि भीमसेन यादव एवं चौकी प्रभारी मानिकपुर उनि परमेश्वर राठौर सहित पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी