पड़ोसी ही निकला चोर, एक महिला समेत तीन आरोपित गिरफ्तार

 


धमतरी, 18 मार्च (हि.स.)। किराना दुकान में चोरी करने वाले तीन आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपितों के पास से जेवरात व नकदी बरामद कर पुलिस ने तीनों को जेल भेज दिया है। दुकान में चोरी की घटना को पड़ोसी ने ही अंजाम दिया था।

सिटी कोतवाली पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, नुपेन्द्र मगेन्द्र 23 वर्ष निवासी शांति चौक, सोरिद नगर धमतरी ने 16 मार्च को थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 14 मार्च को जब वे अपने स्वजन के साथ शादी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए घर एवं दुकान बंद कर ग्राम सेमरा-सी गए थे। कार्यक्रम निबटाकर जब वे अगले दिन वापस घर लौटे तो पाया कि दुकान का ताला टूटा हुआ था। अंदर रखे सोने के जेवर एवं नगदी रकम चोरी कर ले गया था। घर से सोने का हार, मंगलसूत्र,अंगूठी, कान के जेवर 60 हजार रुपये नकदी समेत कुल दो लाख 27,000 रुपये की चोरी की गई थी। घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस अज्ञात चोरों को पकड़ने में जुट गई थी। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति शांति कालोनी चौक के पास घूम रहा है, इसकी जानकारी पुलिस को लगी, तो तत्काल संदिग्ध से पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपित ने अपना नाम चेतन देवांगन बताया और घटना की रात दुकान में घुसकर चोरी करना स्वीकार किया।

पुलिस ने आरोपित के पास से चोरी के जेवर को जब्त किया। जबकि नकदी को मोबाइल खरीदने व खर्च करने की जानकारी दी। चोरी की घटना को आरोपित चेतन देवांगन अकेला नहीं बल्कि परिवार के अन्य सदस्यों ने मिलकर की है। पुलिस ने बयान के आधार पर आरोपित चेतन देवांगन 20 वर्ष, लक्ष्मीकान्त देवांगन 25 वर्ष और टिकेश्वरी देवांगन 40 वर्ष को गिरफ्तार कर तीनों के खिलाफ जुर्म दर्ज कर जेल भेज दिया है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा