जांजगीर-चांपा : कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने सुनीं आमजन की समस्याएं, साप्ताहिक जनदर्शन में मिले 39 आवेदन

 


जांजगीर-चांपा, 21 जुलाई (हि. स.)। जिले में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को सभी मामलों का प्राथमिकता के आधार पर समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए। जनदर्शन में मंगलवार को कुल 39 आवेदन प्राप्त हुए।

जनदर्शन के दौरान तहसील बलौदा के ग्राम जर्वे ब निवासी संतोष केंवट ने प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत सूक्ष्म एवं लघु उद्योग के लिए ऋण उपलब्ध कराने की मांग की। वहीं, तहसील अकलतरा के ग्राम कापन निवासी सहेत्तर यादव ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने तथा चांपा के नया पारा निवासी घनश्याम देवांगन ने आर्थिक सहायता प्रदान किए जाने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया।

इसके अलावा सीमांकन, नामांतरण, अतिक्रमण, पेंशन, राशन कार्ड, रोजगार और अन्य विभागों से जुड़े विभिन्न आवेदन भी जनदर्शन में प्राप्त हुए।

कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि, प्रत्येक आवेदन का गंभीरता से परीक्षण कर पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें तथा सभी प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण किया जाए।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT