पालक चले स्कूल की ओर अभियान से मजबूत हो रहा विद्यालय और अभिभावकों का जुड़ाव
धमतरी 12 अक्टूबर (हि.स.)। शासकीय प्राथमिक शाला खरतुली में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और पालकों को विद्यालय से जोड़ने के उद्देश्य से ‘पालक चले स्कूल की ओर’ अभियान चलाया जा रहा है। प्रधानपाठक दीनबंधु सिन्हा के मार्गदर्शन में शुरू की गई इस अभिनव पहल के माध्यम से पालक विद्यालय की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभा रहे हैं। आज साेमवार काे भी यह अभियान स्कूल में चलाया गया। अभियान के तहत प्रतिदिन कक्षा के अनुसार तीन बच्चों के पालकों को एक दिन पहले प्रार्थना सभा में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया जाता है। पालक विद्यालय पहुंचकर बच्चों की विभिन्न गतिविधियों और शैक्षणिक नवाचारों से रूबरू होते हैं।
इस पहल की खास बात यह है कि कक्षा पहली के बच्चों सहित पहली से पांचवीं तक के सभी विद्यार्थियों को प्रार्थना सभा के संचालन का अवसर दिया जाता है, जिससे उनमें आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और अभिव्यक्ति कौशल विकसित हो रहा है। प्रार्थना सभा में शामिल होने वाले पालक अपने जीवन के अनुभव साझा करते हैं, रोचक कहानियों के माध्यम से बच्चों को सीख देते हैं और लक्ष्य प्राप्त करने के लिए प्रेरित करते हैं।
प्रार्थना सभा के बाद बच्चों की पढ़ाई, दिनचर्या और शैक्षणिक प्रगति को लेकर चर्चा भी की जाती है। इससे पालकों को बच्चों की गतिविधियों को समझने और उनकी पढ़ाई में सहयोग करने का अवसर मिलता है। अभियान से विद्यार्थियों में उत्साह बढ़ने के साथ विद्यालय को भी सकारात्मक सहयोग मिल रहा है। इस पहल में गांव के गणमान्य नागरिक, समाजसेवी, शिक्षाविद, कर्मचारी, अन्य विद्यालयों के शिक्षक और शाला प्रबंधन समिति के सदस्य भी शामिल हो रहे हैं। विद्यालय की यह पहल पालकों और शिक्षकों के बीच संवाद को मजबूत करने के साथ शिक्षा के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी की भावना विकसित कर रही है। ‘पालक चले स्कूल की ओर’ अभियान अब विद्यालय और समाज के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा बच्चों के सर्वांगीण विकास को प्रोत्साहित करने का प्रभावी माध्यम बन रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा