सूरजपुर : कलेक्टर के निर्देश पर थैलेसीमिया पीड़ित बालिका को मिला त्वरित उपचार, दिव्यांगता प्रमाण पत्र भी जारी

 

-दिव्यांगता प्रमाण पत्र भी जारी

सूरजपुर, 25 जून (हि.स.)। सूरजपुर जिले में मानवीय संवेदनशीलता का उदाहरण पेश करते हुए प्रशासन ने थैलेसीमिया पीड़ित एक बालिका को त्वरित उपचार उपलब्ध कराया है। कलेक्टर रेना जमील के निर्देश पर 7 वर्षीय बालिका कुमारी प्रिया को जिला अस्पताल में भर्ती कर आवश्यक चिकित्सा सुविधा प्रदान की गई। साथ ही उसे दिव्यांगता प्रमाण पत्र भी जारी किया गया, जिससे वह शासन की योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकेगी।

जानकारी के अनुसार विकासखंड भैयाथान के ग्राम केनापारा स्थित बसोरपारा में 20 जून 2026 को आयोजित एक शिविर के दौरान कलेक्टर के समक्ष बालिका की स्वास्थ्य संबंधी समस्या रखी गई थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर ने तत्काल स्वास्थ्य एवं समाज कल्याण विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

निर्देशों के अनुपालन में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने तत्परता दिखाते हुए 21 जून 2026 को बालिका को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों की निगरानी में उपचार के दौरान 22 जून तक उसे दो यूनिट रक्त उपलब्ध कराया गया।इसके साथ ही बालिका के बेहतर उपचार और नियमित निगरानी के लिए थैलेसीमिया कार्ड भी जारी किया गया, ताकि भविष्य में उसे समय पर चिकित्सा सहायता मिल सके।

इसी क्रम में संबंधित विभाग द्वारा आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कर बालिका का दिव्यांगता प्रमाण पत्र भी तैयार कर प्रदान किया गया। इससे उसे विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सुविधा होगी।

बालिका के परिजनों ने त्वरित चिकित्सा सुविधा, संवेदनशील प्रशासनिक पहल और आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय