धमतरी : माहभर बाद पहुंचीं पाठ्यपुस्तकें, जिले के 168 संकुलों में 3.04 लाख किताबों का वितरण

 


धमतरी, 01 अगस्त (हि.स.)। नए शिक्षा सत्र 2026-27 की शुरुआत के डेढ़ महीने बाद जिले के सभी 168 संकुलों में पाठ्यपुस्तकें पहुंच गई हैं। 16 जून से जारी वितरण प्रक्रिया के तहत अब तक जिले में प्राप्त तीन लाख 26 हजार 314 पुस्तकों में से तीन लाख चार हजार 918 पुस्तकों का वितरण विद्यार्थियों को किया जा चुका है। शुरुआत में कुछ संकुलों में देरी से पहुंची किताबों के कारण विद्यार्थियों को इंतजार करना पड़ा था, लेकिन अब सभी संकुलों में आपूर्ति पूरी हो गई है

पाठ्यपुस्तकों की कमी चलते विद्यार्थियों को पुरानी पुस्तकों के सहारे पढ़ाई करनी पड़ रही थी। अधिकाशं स्कूलों में पाठ्यपुस्तकों की कमी से छात्र व शिक्षक प्रभावित थे। जिले के सभी 168 संकुलों में पुस्तकों की आपूर्ति पूरी हो गई है। जिला शिक्षा विभाग से मिली जानकारी अनुसार धमतरी ब्लाक के 42 संकुलों में कुल 84 हजार 920 पाठ्यपुस्तकें पहुंची हैं। इनमें से 81 हजार 523 पुस्तकों का वितरण विद्यार्थियों को किया जा चुका है। वहीं कुरुद ब्लाक के 40 संकुलों में 82 हजार 361 पुस्तकें उपलब्ध कराई गई हैं, जिसमें 79 हजार 797 पुस्तकों का वितरण पूरा हो चुका है। मगरलोड ब्लाक के 30 संकुलों में 51 हजार 410 पाठ्यपुस्तकें पहुंची थीं, जिनका शत-प्रतिशत वितरण कर दिया गया है।

वहीं नगरी ब्लाक के 56 संकुलों में सबसे अधिक एक लाख 7 हजार 623 पुस्तकें पहुंची हैं। इनमें से अब तक 92 हजार 188 पुस्तकों का वितरण विद्यार्थियों को किया जा चुका है। शिक्षकों को पाठ्यक्रम समय पर पूरा कराने के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि सत्र की पढ़ाई निर्धारित समय पर पूरी हो सके। धमतरी डीईओ मधुलिका तिवारी ने बताया कि जिले के सभी 168 संकुलों में पाठ्यपुस्तकें उपलब्ध करा दी गई हैं। संकुल स्तर से स्कूलों तक पुस्तकों का वितरण लगातार जारी है। सभी विकासखंडों में किताबों की आपूर्ति पूरी होने के बाद अब शेष पुस्तकों को विद्यार्थियों तक पहुंचाने की प्रक्रिया पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। स्कूलवार वितरण की नियमित मानिटरिंग की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा