टेस्ट सीरीज से परीक्षा का डर होगा दूर
सूरजपुर, 09 सितंबर (हि.स.)। विद्यार्थियों की शैक्षणिक क्षमता और परीक्षा परिणाम बेहतर करने के लिए स्कूलों में नियमित टेस्ट सीरीज और कमजोर विद्यार्थियों के लिए रेमेडियल क्लासेस संचालित की जाएंगी। आज बुधवार को संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में कलेक्टर रेना जमील ने अधिकारियों को इस संबंध में निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि परीक्षा विद्यार्थियों के लिए डर या झिझक का विषय नहीं, बल्कि अपनी तैयारी को परखने का अवसर होनी चाहिए। नियमित टेस्ट से विद्यार्थियों की वास्तविक शैक्षणिक स्थिति का पता चलेगा और कमजोर विद्यार्थियों की पहचान कर उन्हें अतिरिक्त सहायता दी जा सकेगी। उन्होंने आगामी फरवरी-मार्च में प्राथमिकता के साथ टेस्ट सीरीज आयोजित करने के निर्देश दिए, ताकि मुख्य परीक्षा से पहले विद्यार्थियों को पर्याप्त अभ्यास मिल सके।
उन्होंने स्कूलों में निर्धारित समय पर पाठ्यक्रम पूरा कराने और विषयवार विद्यार्थियों की प्रगति की नियमित समीक्षा करने को कहा। पाठ्यक्रम समय पर पूरा होने से विद्यार्थियों को परीक्षा से पहले दोहराने और अभ्यास के लिए पर्याप्त समय मिलेगा।
कलेक्टर ने विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि दिसंबर के आसपास विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के आवेदन शुरू होते हैं। ऐसे में स्कूल स्तर पर विद्यार्थियों को समय रहते परीक्षाओं की जानकारी और मार्गदर्शन दिया जाए। अधिक से अधिक विद्यार्थियों से प्रतियोगी परीक्षाओं के आवेदन भरवाने के साथ नियमित अभ्यास और टेस्ट सीरीज भी कराई जाए।
उन्होंने पिछले वर्षों के प्रश्नपत्र हल कराने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थी परीक्षा के पैटर्न, प्रश्नों के स्तर और समय प्रबंधन को समझ सकें। उन्होंने कहा कि नियमित अभ्यास से विद्यार्थियों का आत्मविश्वास बढ़ेगा।
पढ़ने की आदत और भाषा कौशल पर ध्यान
कलेक्टर ने विद्यार्थियों में पढ़ने की आदत विकसित करने के लिए स्कूलों में नियमित रीडिंग एक्टिविटी, पाठ वाचन और समझ आधारित अभ्यास कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बेहतर पठन अभ्यास से विद्यार्थियों की शब्दावली, भाषा और समझने की क्षमता मजबूत होगी, जिसका लाभ आगे की पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं में भी मिलेगा।
बैठक में त्रैमासिक परीक्षा की तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में डिप्टी कलेक्टर रमेश मोर, प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी लता बेक, विकासखंड शिक्षा अधिकारी और शिक्षा विभाग के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय