मौसम खुलते ही बढ़ी तेंदूपत्ता खरीद, संग्राहकों में उत्साह
धमतरी, 12 मई (हि.स.)। मौसम खुलने के बाद जिले में तेंदूपत्ता खरीद कार्य में तेजी आई है लेकिन सीजन के अंतिम दौर में अब संग्रहण केंद्रों में कटे-फटे और कमजोर गुणवत्ता वाले पत्ते पहुंचने लगे हैं। जिले की 26 समितियों में 5934.995 मानक बोरा तेंदूपत्ता की खरीद की गई। अब तक कुल 20560.780 मानक बोरा तेंदूपत्ता का संग्रहण हो चुका है, जो निर्धारित लक्ष्य का 76.72 प्रतिशत है।
जिले में इस वर्ष तेंदूपत्ता संग्रहण एवं खरीदी का कार्य 27 समितियों के माध्यम से किया जा रहा है। विभाग द्वारा कुल 26800 मानक बोरा तेंदूपत्ता संग्रहण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। खरीदी कार्य में बड़ी संख्या में ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों के लोग जुड़े हुए हैं। जिले में कुल 25861 संग्राहक तेंदूपत्ता संग्रहण कार्य में लगे हैं जिनमें विशेष पिछड़ी जनजाति कमार समुदाय के 482 परिवार भी शामिल हैं।
धमतरी वन मंडल कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, नौ मई को 14 समितियों में कुल 1501.945 मानक बोरा तेंदूपत्ता खरीदी की गई वहीं 13 समितियों में बोहनी नहीं हुई। मौसम खुलने के बाद खरीदी कार्य में तेजी देखने को मिली और जिले की 26 समितियों में 5934.995 मानक बोरा तेंदूपत्ता की खरीद दर्ज की गई। वन प्रबंधन समिति तुमड़ीबहार के प्रबंधक रोहित नाग ने बताया कि क्रेता की मांग के अनुरूप अच्छी गुणवत्ता के पत्ते नहीं मिलने के कारण संग्रहण और खरीदी कार्य की रफ्तार प्रभावित हुई है। उन्होंने बताया कि पहले की तुलना में अब संग्रहण केंद्रों में बेहतर पत्तों की आवक कम हो गई है। इसके बावजूद समिति ने निर्धारित लक्ष्य को पूरा कर लिया है और खरीदी कार्य नियमानुसार जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा