मुंगेली के तखतपुर-कुकुसदा सड़क चौड़ीकरण कार्य के लिए निविदा को मंजूरी
-24.8 करोड़ से 16.5 किमी सड़क का होगा निर्माण
रायपुर 08 जुलाई (हि.स.)। छत्तीसगढ़ सरकार ने मुंगेली जिले में तखतपुर-कुकुसदा मार्ग के मजबूतीकरण और चौड़ीकरण के लिए 24 करोड़ 80 लाख 47 हजार रुपये की निविदा को मंजूरी दे दी है। इस राशि से 16.50 किमी सड़क का मजबूतीकरण एवं चौड़ीकरण किया जाएगा।
उप मुख्यमंत्री तथा लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने आज बुधवार काे लोक निर्माण विभाग के मुंगेली संभाग के कार्यपालन अभियंता को अनुबंधित समयावधि में काम पूर्ण कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देते हुए मापदंडों के अनुरूप सड़क का निर्माण सुनिश्चित करने को कहा है।
लोक निर्माण विभाग ने कार्यपालन अभियंता को अनुबंधित कार्य का संपादन और पर्यवेक्षण विभागीय मापदंडों के अनुसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। यह कार्य किसी अन्य को सब-लेट नहीं किया जाएगा तथा कार्य संपादन के लिए पावर-ऑफ-अटॉर्नी मान्य नहीं होगी। राज्य शासन ने अनुबंध से पहले ठेकेदार से संपूर्ण कार्यावधि के लिए एपीएस (अतिरिक्त प्रदर्शन सुरक्षा) की राशि की बैंक गारंटी प्राप्त करने के निर्देश दिए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल