बस्तर जिले में उत्तर-पूर्वी हवाओं के प्रभाव से बढ़ने लगी ठंडक
जगदलपुर, 11 नवंबर (हि.स.)। बस्तर जिले में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। उत्तर-पूर्वी हवाओं के प्रभाव से क्षेत्र में ठंडक बढ़ रही है। सुबह और शाम के समय लोगों को हल्की सिहरन महसूस होने लगी है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में और गिरावट आने की संभावना है, जिससे ठंड का असर बढ़ सकता है।
मौसम विभाग से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, बस्तर जिले में दिन का अधिकतम तापमान 28 से 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है, जबकि रात का न्यूनतम तापमान गिरकर 14 से 15 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। उत्तर-पूर्व दिशा से 5 से 8 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं चल रही हैं।
बस्तर के अलावा कोंडागांव, नारायणपुर, कांकेर और दंतेवाड़ा जिलों में भी न्यूनतम तापमान में आंशिक गिरावट दर्ज की जा रही है। सुबह के समय हल्की धुंध और सर्द हवाओं के कारण ठंड का अहसास बढ़ गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल क्षेत्र में बारिश की कोई संभावना नहीं है। मौसम शुष्क और आसमान साफ रहने का अनुमान है। दिन चढ़ने के साथ तेज धूप निकलने से तापमान सामान्य बना रहेगा, लेकिन सुबह और रात के समय ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ने की संभावना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे