चांपा में प्रकाश इंडस्ट्रीज प्लांट में तकनीकी घटना, तरल धातु के रिसाव से मचा हड़कंप, जनहानि नहीं

 






जांजगीर-चांपा, 24 अप्रैल (हि. स.)। चांपा स्थित प्रकाश इंडस्ट्रीज लिमिटेड के प्लांट में शुक्रवार को एक तकनीकी घटना सामने आई, जिससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। कंपनी प्रबंधन द्वारा जारी आधिकारिक जानकारी के अनुसार, इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि या गंभीर क्षति नहीं हुई है।

जांजगीर-चांपा के स्थानीय पुलिस अधिकारियों ने पुष्टि की है कि घटना के तुरंत बाद पुलिस बल को मौके पर तैनात कर दिया गया था। उन्होंने बताया कि स्थिति नियंत्रण में है और प्लांट के भीतर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। कंपनी के ग्राउंड लेवल के अधिकारियों का कहना है कि यह एक तकनीकी खराबी थी और सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत तुरंत कार्रवाई कर रिसाव को रोक लिया गया।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, आईएफडी के शेड क्रमांक 5.8 टन में स्थित फर्नेस नंबर E/1 में दोपहर 12:35 बजे तरल धातु डाली गई थी। इसके बाद मेन्टर द्वारा फर्नेस का निरीक्षण किया गया और लगभग 12:40 बजे के आसपास चार्जिंग की प्रक्रिया पूरी की गई।

करीब 2:40 बजे पुनः निरीक्षण के दौरान पाया गया कि भट्टी के बॉटम साइड में तरल धातु का तापमान अत्यधिक बढ़ गया है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए तत्काल फर्नेस से तरल धातु को हटाने का प्रयास किया गया, लेकिन इसी दौरान अचानक भट्टी के निचले हिस्से से गर्म तरल धातु का रिसाव हो गया।

इस घटना के बाद प्लांट परिसर में कुछ समय के लिए हड़कंप की स्थिति बनी, हालांकि कंपनी प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि या बड़ी क्षति नहीं हुई है।प्रशासन ने औद्योगिक सुरक्षा विभाग को इस मामले की जांच करने और रिसाव के कारणों का पता लगाने के निर्देश दिए हैं। घटना के बाद चांपा थाना प्रभारी और प्रशासनिक अमला मौके पर है। सूत्रों के अनुसार, प्रबंधन ने यह सुनिश्चित किया है कि सभी मजदूर सुरक्षित हैं और मामूली चोटिल व्यक्ति को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।

घटना की सूचना संबंधित अधिकारियों को दे दी गई है और आवश्यक जांच की प्रक्रिया जारी है। वहीं, सुरक्षा के मद्देनजर प्लांट में एहतियाती कदम भी उठाए जा रहे हैं ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT