कलेक्टर के दुर्व्यवहार से शिक्षक संगठन आक्रोशित, निंदा प्रस्ताव पारित किया
धमतरी, 16 मई (हि.स.)। परीक्षा परिणाम समीक्षा बैठक के दौरान कलेक्टर द्वारा प्राचार्यों के साथ कथित रूप से अशोभनीय एवं अमर्यादित व्यवहार किए जाने के विरोध में जिले के शिक्षकों में भारी आक्रोश व्याप्त है। इस मुद्दे को लेकर सर्व शैक्षिक मंच जिला धमतरी की बैठक कर्मचारी भवन में आयोजित की गई, जिसमें सर्वसम्मति से निंदा प्रस्ताव पारित किया गया।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि 11 मई को आयोजित परीक्षा परिणाम समीक्षा बैठक में प्राचार्यों के साथ अभद्र भाषा एवं गाली-गलौज की गई, जिससे शिक्षकों की भावनाएं आहत हुई हैं और आत्मसम्मान को ठेस पहुंची है। मंच के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर सार्वजनिक रूप से खेद व्यक्त नहीं किया गया, तो शासन-प्रशासन के उच्च स्तर पर शिकायत की जाएगी। इस संबंध में 18 मई को अल्टीमेटम सौंपने का निर्णय लिया गया है।
सर्व शैक्षिक मंच ने स्पष्ट किया कि यदि समय रहते उचित कार्रवाई नहीं हुई, तो जिले के समस्त शिक्षक संवर्ग उग्र आंदोलनात्मक कदम उठाने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
बैठक में चंदूलाल चंद्राकर, डा भूषण चंद्राकर, दौलत ध्रुव, विनोद ठाकुर, दयालूराम साहू, दिनेश सोनकर, टीआर नागवंशी, दिनेश पांडे, ममता ठाकुर, प्रदीप सिन्हा, अमित महोबे, दीपक शर्मा, खुमान सिंह ठाकुर, आनंद प्रसाद साहू, दिनेश देवांगन, एनके साहू, देवनाथ साहू, गेवाराम नेताम, रामानंद साहू, राहुल नेताम, तारामति वैद्य, डा आशीष नायक, अनुज साहू, के.सी. महोबिया एवं एलके उपाध्याय सहित विभिन्न शिक्षक एवं कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा