गांव के जरूरतमंद विद्यार्थी को शिक्षक अपने तनख्वाह से देंगे स्कालरशिप
धमतरी, 05 जुलाई (हि.स.)। शिक्षा के लिए पैसा बाधा न बने, इसी उद्देश्य से धमतरी जिले के मगरलोड ब्लाक अंतर्गत शासकीय माध्यमिक शाला हरदी के शिक्षक भूषण लाल जगनायक ने अपने स्कूल के ग्राम में आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए तीन वर्ष तक स्कालरशिप देने परंपरा की शुरूआत की है। उनके इस कार्य की सराहना हो रही है।
शिक्षक जगनायक ने कहा कि तमसो मा ज्योतिर्गमय को अपनाते हुए हमारा प्रयास है कि गांव के कोई भी प्रतिभाशाली बच्चा पैसे के अभाव में पढ़ाई न छोड़े। आज के इस दौड़ में कुछ बच्चा मुश्किल से 12वीं पास तो कर लेते हैं, लेकिन उच्च शिक्षा के लिए आर्थिक रूप से कमजोर होने के कारण पढ़ाई छोड़ देते हैं और जीवनयापन के लिए काम की तलाश में लग जाते हैं, ऐसे जरूरतमंद छात्रों को आगामी तीन वर्ष तक उच्च शिक्षा या प्रतियोगी परीक्षा के लिए 4000 प्रतिवर्ष स्कालरशिप के रूप में दिया जाएगा ताकि वे भी उत्कृष्ट जीवन की शुरुआत कर सके। उन्होंने समाज के प्रबुद्धजनों, शिक्षा समिति के पदाधिकारी, सदस्यों एवं पंचायत स्तर के जनप्रतिनिधियों को इस मुहिम में जुड़ने की अपील की।
शिक्षकों से अपील करते हुए कहा कि शिक्षक ही समाज में बदलाव की नींव रख सकते हैं हमारा छोटा सा प्रयास बड़ा सपना पूरा कर सकता है। स्कालरशिप पात्रता की मापदंड सरलीकरण के लिए सरपंच, सचिव और कोटवार को सत्यापन अधिकारी माना गया है, क्योंकि वे जनप्रतिनिधि व सरकारी कर्मचारी स्थानीय होते हैं। ग्राम के ऐसे छात्र जो आर्थिक रूप से कमजोर हो, माता-पिता का देहांत हो गया हो, दिव्यांग हो अथवा अन्य ग्राम का निवासी हो, पर इस ग्राम में किसी आश्रय दाता के पास निवासरत हो, वे आवेदन करेंगे। इनके प्रमाण पत्र के सत्यापन के बाद स्वीकृत किया जाएगा। जुलाई में प्रवेश के लिए 2000 की राशि और अक्टूबर में परीक्षा के लिए 2000 की राशि दिया जाएगा। जो एक साल के स्कालरशिप कुल 4000 की राशि होगा।
माध्यमिक शाला हरदी प्रांगण में सभा आयोजन किया गया। जहां तीनों स्कूल के शिक्षा समिति के अध्यक्ष, सदस्य, शिक्षक, बेलौदी स्कूल से आए टीआर साहू व्याख्याता के सामने संकुल प्राचार्य वाईके साहू के हाथों से माध्यमिक शाला समिति अध्यक्ष बलराम को छात्रवृत्ति राशि नगद 10000 रुपये दिया गया। संकुल प्राचार्य ने कहा कि अपने वेतन से उच्च शिक्षा के लिए सहयोग करना बहुत ही सराहनीय है। इस अवसर पर रेमन धृतलहरे शिक्षक, अशोक साहू शिक्षक, डायमंड ध्रुव शिक्षक, कामता प्रसाद शिक्षक, केसर साहू शिक्षक, सविता साहू शिक्षक, लोकेश कुमार अध्यक्ष, शेखन साहू अध्यक्ष, हिना राव उपाध्यक्ष, त्रिवेणी साहू उपाध्यक्ष, राजेंद्र निषाद, नीलकमल निषाद, पुसऊ राम, दिव्या सेन, बसंती साहू, कुमारी साहू, जयंत साहू, शैलेंद्र सेन, सुनील साहू, एवन लाल, यामिनी, कल्याणी, गोदावरी आदि सम्मिलित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा