सुबह की सैर पर निकला शिक्षक कांकेर के पखांजूर से लापता
कांकेर, 02 जून (हि.स.)। जिले के पखांजूर थाना क्षेत्र से एक शिक्षक लापता हो गए हैं। शिक्षक अशोक उर्वसा सोमवार सुबह सैर के लिए निकले थे। उसके बाद से वह घर नहीं लौटे हैं, जिससे परिजन गहरे सदमे में हैं। परिजनों ने उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। शिक्षक के दोस्तों और रिश्तेदारों से पूछ-ताछ की जा रही है, लेकिन अभी तक अशोक का कोई पता नहीं चल पाया है। पखांजूर पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह 7 बजे वह घर से निकले थे। रोजाना की तरह सुबह की सैर पर निकलने के चलते परिजनों ने इसे सामान्य मानकर गंभीरता से नहीं लिया था। शिक्षक के काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की। अब 24 घंटे से अधिक समय हो चुका है, और वह घर नहीं लौटे हैं। पुलिस मामले की हर पहलुओं से जांच कर रही है। परिजन लगातार उनकी तलाश कर रहे हैं।
परिजनाें के अनुसार लापता शिक्षक अशोक उर्वसा भूरभूसी स्कूल में पदस्थ हैं। सोमवार सुबह 7 बजे उन्होंने अपने परिजनों को बताया था कि वह सुबह की सैर पर जा रहे हैं। चूंकि यह उनकी रोज की आदत थी, इसलिए परिवार ने शुरुआत में कोई चिंता नहीं की। लेकिन जब काफी समय बीत जाने के बाद भी अशोक घर नहीं लौटे, तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू कर दी। उनकी अनुपस्थिति से परिवार में गहरा तनाव और चिंता का माहौल है। शिक्षक के लापता होने से परिजनों के मन में कई तरह की बातें सामने आ रही हैं। उन्होंने तत्काल पखांजूर थाने में गुमशुदगी का मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। पुलिस हर संभावित पहलू से मामले की जांच कर रही है और दोस्तों व रिश्तेदारों से भी पूछताछ कर रही है। परिजन भी अपने स्तर पर लगातार अशोक की तलाश में जुटे हुए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे