मवेशी तस्करी के मामले में एक आरोपित गिरफ्तार, 34 मवेशी जब्त

 


उत्तर प्रदेश पैदल ले जाए जा रहे थे मवेशी

बलरामपुर, 18 सितंबर (हि.स.)। बलरामपुर जिले में मवेशी तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रघुनाथनगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 34 मवेशी बरामद कर जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार मवेशियों को अवैध रूप से पैदल उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा था।

पुलिस ने आज विज्ञप्ति जारी कर बताया कि, रघुनाथनगर थाना पुलिस की टीम ग्राम भ्रमण और क्षेत्र में पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ मवेशी तस्कर केशारी गांव में मवेशियों को अवैध रूप से उत्तर प्रदेश की ओर पैदल ले जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम केशारी में घेराबंदी की। पुलिस को देखकर तस्करों ने भागने का प्रयास किया। घेराबंदी के दौरान एक व्यक्ति को पकड़ लिया गया, जबकि अंधेरे का फायदा उठाकर अन्य लोग मौके से भागने में सफल रहे।

पुलिस कार्रवाई में दीपक सोनवानी, (उम्र 24 वर्ष) निवासी ग्राम केशारी, थाना रघुनाथनगर को गिरफ्तार किया गया। मौके से 34 मवेशी भी जब्त किए गए। पुलिस के अनुसार जांच के दौरान अपराध से संबंधित पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपित के खिलाफ थाना रघुनाथनगर में अपराध क्रमांक 110/2026 दर्ज किया गया।

आरोपित के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 111(2), छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6 एवं 10 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11(1)(घ) के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपित को विधिवत गिरफ्तार कर आज शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

पुलिस ने बताया कि कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक डीडी ढाकेश्वर सिंह, सहायक उपनिरीक्षक फीलिसियस टोप्पो, प्रधान आरक्षक निर्मल तिर्की, आरक्षक नानसाय खलखो और आरक्षक रामभृत यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय