युवा उड़ान’ कार्यक्रम में प्रतिभावान विद्यार्थियों व खिलाड़ियों का हुआ सम्मान
नारायणपुर, 05 सितंबर (हि.स.)। जिला मुख्यालय स्थित ए.जी. ऑडिटोरियम में शनिवार को ‘युवा उड़ान’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के वन एवं सहकारिता मंत्री केदार कश्यप मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे। ‘युवा उड़ान’ विषय पर डॉ. सतीश पाण्डेय ने प्रेरक कहानियों के माध्यम से विद्यार्थियों में जिज्ञासा, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच विकसित करने के लिए प्रेरित किया
मुख्य अतिथि केदार कश्यप ने जिले के प्रतिभावान विद्यार्थियों और खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। खेलो इंडिया के जिला उपविजेता फुटबॉल खिलाड़ी शशिकांत कुमेटी एवं मनीष कोवाची को खेल पुरस्कार प्रदान किया गया। वहीं खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 के मलखंभ विजेता खिलाड़ी संताय पोटाई एवं मोनिका पोटाई को भी सम्मानित किया गया। खो-खो में ऑल इंडिया स्तर के लिए क्वालीफाई करने वाली अमृता गोटा को तथा राष्ट्रीय स्कूल गेम्स में नेशनल खो-खो के विजेता खिलाड़ी शामुएल कल्लो एवं किशोर कावड़ो को भी खेल पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। राष्ट्रीय स्तर पर खेल के क्षेत्र में जिले का प्रतिनिधित्व करने वाली दिव्या कांगे को भी सम्मानित किया गया। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी कार्यक्रम में सम्मान मिला। कक्षा 10वीं की परीक्षा में जिले में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली छात्रा भाविका देवांगन को 94.33 प्रतिशत अंक प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया। वहीं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्रा कोविता कोर्राम ने 94 प्रतिशत अंक हासिल किए, जिसके लिए उन्हें भी सम्मानित किया गया।
केदार कश्यपने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य गठन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर प्रदेश के युवाओं को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत विजन 2047 से जोड़ने तथा विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार करने में उनकी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ‘युवा उड़ान’ कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य युवाओं को राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया से जोड़ते हुए उनके अंदर नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और रचनात्मक सोच को विकसित करना है। इसके अलावा इंजीनियरिंग, मेडिकल, कृषि, पॉलिटेक्निक एवं आईटीआई के विद्यार्थी, सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर, सामाजिक कार्यकर्ता, कौशल विकास प्रशिक्षणार्थी, छात्रावासों में निवासरत विद्यार्थी, दिव्यांगजन एवं आत्मसमर्पित पूर्व नक्सली युवाओं को भी कार्यक्रम से जोड़ा जा रहा है।
राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज के दौर में युवाओं के लिए केवल शिक्षा हासिल करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें अपने हुनर, कौशल, जिज्ञासा और रचनात्मकता को लगातार विकसित करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता इस बात की है कि उन्हें अपनी प्रतिभा को पहचानने और उसे सही दिशा में आगे बढ़ाने के लिए बेहतर अवसर और मंच उपलब्ध कराया जाए। तोमर ने बताया कि ‘युवा उड़ान’ कार्यक्रम में 16 से 24 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित की गई है। कार्यक्रम में कक्षा 9वीं से 11वीं के मेधावी विद्यार्थी, महाविद्यालयीन छात्र-छात्राएं, कला, साहित्य, संस्कृति और खेल के क्षेत्र में राज्य एवं राष्ट्रीयस्तर पर प्रतिनिधित्व करने वाले युवा, खेल अकादमियों के प्रशिक्षणार्थी तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थी शामिल हो सकते हैं। उन्होंने युवाओं से अपनी प्रतिभा के अनुरूप नए अवसरों की तलाश करने और समाज तथा देश के विकास में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में सहभागिता के लिए छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग की वेबसाइट एवं निर्धारित गूगल फॉर्म के माध्यम से पंजीयन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष इंद्रप्रस्थ बघेल, जनपद अध्यक्ष पिंकी उसेंडी, छोटेडोंगर सरपंच संध्या पवार, पार्षद रामशिला नाग सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं, कलेक्टर नम्रता जैन, पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल, डीएफओ डॉ. वेंकटेशा एमजी, अपर कलेक्टर बीरेंद्र बहादुर पंचभाई, एसडीएम अभयजीत मंडावी, जिला शिक्षा अधिकारी महेंद्र नाथ पांडे सहित जिला स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे