प्रधानमंत्री आवास योजना से शिव कुमारी का पक्का घर बनाने का सपना हुआ पूरा

 


सूरजपुर, 16 सितंबर (हि.स.)। वर्षों से पक्के घर का सपना संजोए ग्राम पंचायत चंदरपुर की शिव कुमारी के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना नई उम्मीद लेकर आई। योजना के तहत पक्के आवास की स्वीकृति मिलने के बाद निर्धारित सहायता राशि से उन्होंने अपना घर तैयार किया। गृह प्रवेश के बाद अब परिवार को सुरक्षित छत के साथ बच्चों की पढ़ाई के लिए भी बेहतर माहौल मिला है।

शिव कुमारी बताती हैं कि पहले उनका परिवार खपरैल के घर में रहता था। बारिश के दिनों में छत से पानी टपकने के कारण घर के सामान और बच्चों की किताबों को सुरक्षित रखना मुश्किल होता था। कई बार बारिश के कारण बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित होती थी। नए पक्के घर में आने के बाद परिवार को इन परेशानियों से राहत मिली है।

अपने अनुभव साझा करते हुए शिव कुमारी ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से उनके जैसे परिवारों के पक्के घर का सपना पूरा हो रहा है। उनके लिए नया घर सिर्फ रहने की जगह नहीं, बल्कि परिवार की सुरक्षा और बच्चों के बेहतर भविष्य से जुड़ा है।

शिव कुमारी ने कहा कि अपने परिवार के लिए मिली इस खुशी के प्रति आभार व्यक्त करने के लिए वह सेवा संकल्प अभियान में शामिल होंगी। अभियान के तहत अपने नए घर में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाकर इस नई शुरुआत को यादगार बनाएंगी।

उन्होंने कहा कि अब बारिश उनके परिवार के लिए पहले जैसी परेशानी नहीं लाएगी। नए घर में बच्चों की पढ़ाई और बेहतर भविष्य के सपनों को आगे बढ़ाने का अवसर मिलेगा। उनके लिए ‘आशीर्वाद का दीया’ नए घर की खुशी और सेवा संकल्प अभियान में सहभागिता का प्रतीक होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय