स्वामित्व योजना से मिला घर का अधिकार, गोपाल सोनी ने शुरू की किराना दुकान
बलरामपुर, 18 नवंबर (हि.स.)। पक्का मकान और स्थायी पता न होने के कारण कई सरकारी सुविधाओं से वंचित रहे बलरामपुर तहसील के ग्राम भनौरा निवासी गोपाल सोनी के जीवन में स्वामित्व योजना से बदलाव आया है। योजना के तहत उन्हें अपने मकान का अधिकार अभिलेख यानी प्रॉपर्टी कार्ड मिला, जिसके आधार पर उनका निरस्त राशन कार्ड दोबारा बन सका।
गोपाल सोनी के पास पुश्तैनी आवास नहीं था और मकान खरीदने के लिए पर्याप्त आर्थिक संसाधन भी नहीं थे। स्थायी पता नहीं होने के कारण उन्हें पेयजल और बिजली कनेक्शन जैसी बुनियादी सुविधाएं प्राप्त करने में परेशानी होती थी। आधार कार्ड बनवाने में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इसी वजह से उनका राशन कार्ड भी निरस्त हो गया था।
स्वामित्व योजना के तहत उन्हें बिना किसी विवाद के मकान का अधिकार अभिलेख मिला। इससे उनके आवास पर मालिकाना हक का दस्तावेज उपलब्ध हुआ और राशन कार्ड दोबारा बनवाने का रास्ता खुला। इसके बाद गोपाल सोनी ने अपने घर में ही छोटी किराना दुकान शुरू कर दी।
दुकान से अब उनकी आमदनी बढ़ी है और वे पहले की तुलना में अपने परिवार का भरण-पोषण बेहतर ढंग से कर पा रहे हैं। गोपाल सोनी के लिए स्वामित्व योजना केवल मकान का अधिकार मिलने तक सीमित नहीं रही, बल्कि इससे उन्हें सरकारी सुविधाओं तक पहुंच और आजीविका का नया अवसर भी मिला।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय