छिंदवाड़ा की युवा कवयित्री शेफाली शर्मा को दिया गया वर्ष 2026 का सूत्र सम्मान
जगदलपुर, 15 सितंबर (हि.स.)। शहर से प्रकाशित साहित्यिक पत्रिका ‘समकालीन सूत्र’ द्वारा प्रतिवर्ष प्रदान किया जाने वाला ठा. पूरन सिंह स्मृति सूत्र सम्मान वर्ष 2026 के लिए मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा शहर की युवा कवयित्री शेफाली शर्मा को प्रदान किए जाने का निर्णय सूत्र समिति द्वारा लिया गया है।
सूत्र सम्मान की निर्णायक समिति में आलोचक जयप्रकाश, विजय सिंह, रजत कृष्ण और सरिता सिंह शामिल हैं। सूत्र सम्मान देश के ऐसे रचनाकार, कवि अथवा कवयित्री को प्रदान किया जाता है, जो अपने जनपद, शहर अथवा कस्बे से जुड़े रहते हुए अपनी सृजनात्मकता और काव्य-विशिष्टता के माध्यम से देश की युवा कविता को समृद्ध करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
छिंदवाड़ा शहर की युवा कवयित्री और एक्टिविस्ट शेफाली शर्मा का जन्म दिल्ली में हुआ है। मूलतः ग्वालियर-भिंड अंचल के खुर्द गांव से जुड़ी शेफाली वर्तमान में छिंदवाड़ा में रहते हुए रचनात्मक और साहित्यिक गतिविधियों में सक्रिय हैं। उन्होंने बायोकेमिस्ट्री में एमएससी. की है और इन दिनों कवि विष्णु खरे की कविताओं पर पीएचडी. कर रही हैं।
स्त्री-कविता के क्षेत्र में शेफाली शर्मा की उपस्थिति अत्यंत सहज और प्रभावशाली है। ऐसे समय में, जब साहस के साथ अपनी बात कहने के लिए बहुत कम लोग तैयार दिखाई देते हैं तब शेफाली की कविताएं निर्भीकता, साहस और प्रतिरोध के स्वर के साथ खड़ी होती हैं। अनेक पुरस्कारों से सम्मानित शेफाली शर्मा की कविताएँ देश की महत्वपूर्ण पत्र-पत्रिकाओं में निरंतर प्रकाशित होती रही हैं। हाल ही में उनका कविता-संग्रह ‘सॉरी आर्यभट्ट’ प्रकाशित हुआ है।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 1997 में प्रारंभ किए गए ठा. पूरन सिंह स्मृति सूत्र सम्मान से अब तक देश के अनेक चर्चित युवा कवि और रचनाकार सम्मानित हो चुके हैं। इनमें प्रमुख रूप से अशोक शाह, प्रताप राव कदम, रजत कृष्ण, निर्मल आनंद, संजीव बख्शी, विनय सौरभ, एकांत श्रीवास्तव, अग्नि शेखर, बसंत त्रिपाठी, सुरेश सेन निशांत, विमलेश त्रिपाठी, रेखा चमोली, सौरभ राय, आत्मा रंजन, बहादुर पटेल, राजकिशोर राजन, सतीश कुमार सिंह, माधव राठौड़, भास्कर चौधरी, सूर्यप्रकाश जी नगर, ओमप्रकाश मिश्रा, संजय अलंग, डॉ. जमुना बीनी तथा शरद कोकास, सुनील कुमार शर्मा सम्मानित हो चुके हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे