अंबिकापुर : ‘सुशासन तिहार’ से बदली रीना की किस्मत, राशन कार्ड मिलने से दूर हुई बच्चे के भरण-पोषण की चिंता

 


अंबिकापुर, 04 जून (हि.स.)। सरगुजा जिले में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशानुरूप आयोजित किया जा रहा ‘सुशासन तिहार’ आम जनता के जीवन में बड़ा और सकारात्मक बदलाव ला रहा है। इसी सुशासन तिहार के माध्यम से ग्राम कुनमेरा की रहने वाली एक जरूरतमंद मां, रीना सिदार की जिंदगी की सबसे बड़ी चिंता हमेशा के लिए दूर हो गई है।

रीना सिदार ने अपनी आपबीती साझा करते हुए बताया कि पहले उनके पास राशन कार्ड नहीं था, जिसके कारण उन्हें शासकीय उचित मूल्य की दुकान से मिलने वाले रियायती चावल और अन्य जरूरी राशन सामग्री से वंचित रहना पड़ता था। रीना का एक छोटा बच्चा भी है, जिसके पालन-पोषण की जिम्मेदारी उन पर है। राशन कार्ड न होने के कारण उन्हें मजबूरन बाजार से महंगे दामों पर राशन खरीदना पड़ता था, जिससे परिवार का भरण-पोषण करने में भारी आर्थिक तंगी और कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। हर वक्त उन्हें अपने बच्चे के भविष्य और भोजन की चिंता सताती रहती थी।

लेकिन जिला प्रशासन द्वारा लगाए गए ‘सुशासन तिहार’ के विशेष शिविर ने रीना की इस बड़ी परेशानी को चुटकियों में हल कर दिया। शिविर में रीना के आवेदन पर त्वरित कार्यवाही करते हुए प्रशासन ने तुरंत उनका नया राशन कार्ड बनाकर सौंप दिया। हाथ में नया राशन कार्ड पाकर उत्साहित और भावुक रीना के चेहरे पर अब सुकून और खुशी साफ झलक रही है। उन्होंने जिला प्रशासन की इस संवेदनशीलता और तेज काम की तारीफ करते हुए कहा कि अब राशन कार्ड मिल जाने से उन्हें आसानी से और बेहद कम दामों में चावल व अन्य सामग्री मिल जाएगी, जिससे वे अपने बच्चे का पालन-पोषण बिना किसी आर्थिक मानसिक तनाव के अच्छे से कर सकेंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह