अंबिकापुर : सुशासन तिहार में चमकी मानसाय की किस्मत, कच्चे झोपड़े की जगह मिला सपनों का पक्का आशियाना
अंबिकापुर, 23 मई (हि.स.)। छत्तीसगढ़ राज्य भर में मनाए जा रहे ’सुशासन तिहार’ के अंतर्गत गरीब और जरूरतमंद परिवारों के पक्के आवास का सपना तेजी से साकार हो रहा है। इसी कड़ी में सरगुजा जिले के लखनपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पूहपुटरा के रहने वाले मानसाय के जीवन में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) एक बड़ी सौगात लेकर आई है। कभी कच्चे और जर्जर घर में दिक्कतों का सामना करने वाले मानसाय अब अपने सपनों के पक्के घर में सपरिवार सम्मानजनक और आरामदेह जीवन यापन कर रहे हैं। इस खुशी को दोगुना करते हुए सुशासन तिहार कार्यक्रम के भव्य मंच पर उन्हें नए आवास की चाबी और पूर्णता प्रमाण पत्र भी सौंप दिया गया है।
एक अदद पक्के घर का सपना देखना मानसाय के लिए हमेशा से एक बड़ी चुनौती रहा था, क्योंकि बेहद कमजोर आर्थिक स्थिति के कारण वे चाहकर भी निर्माण की भारी लागत उठाने में पूरी तरह असमर्थ थे। ऐसे कठिन समय में प्रधानमंत्री आवास योजना ने उनकी इस बड़ी चिंता को हमेशा के लिए दूर कर दिया। आज उनका खुद का मजबूत मकान बनकर तैयार है, जिसमें वे अपने परिवार के साथ सुरक्षित निवास कर रहे हैं। अपनी इसी असीम खुशी को जाहिर करते हुए भावुक शब्दों में मानसाय ने बताया कि पहले वे कच्चे घर में रहते थे, जहाँ मौसम की मार और अन्य कई परेशानियाँ लगातार बनी रहती थीं, लेकिन अब पक्के घर में आ जाने से उन्हें और उनके परिवार को बहुत सुकून मिला है।
उन्होंने कहा कि आर्थिक मजबूरी के कारण जिस पक्के घर को बनाना उनके बूते से बाहर था, वह सरकार की इस जनहितैषी योजना के कारण ही संभव हो सका है। अपने सिर पर सुरक्षित छत की सौगात पाकर मानसाय ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राज्य सरकार के मुखिया मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति दिल से आभार व्यक्त किया है। वास्तव में, मानसाय की यह कहानी इस बात का जीवंत प्रमाण है कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाएं किस प्रकार जमीनी स्तर पर गरीब और वंचित वर्गों के जीवन में सीधा एवं सकारात्मक बदलाव ला रही हैं। ’सुशासन तिहार’ के माध्यम से न केवल अंतिम पंक्ति के हितग्राहियों को सीधे लाभान्वित किया जा रहा है, बल्कि उनके चेहरों पर विकास की सच्ची मुस्कान भी बिखेरी जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह