अंबिकापुर : सुशासन तिहार शिविर में 1060 आवेदनों का हुआ ऑन-द-स्पॉट पंजीकरण

 




अंबिकापुर, 23 मई (हि.स.)। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देशन में आम जनता की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए प्रदेश में 'सुशासन तिहार' का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में शनिवार को सरगुजा जिले के मैनपाट विकासखंड के ग्राम पंचायत उडुमकेला क्लस्टर में एक विशाल जन समस्या निवारण शिविर आयोजित किया गया। इस शिविर में क्षेत्र की 11 ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रशासन की मुस्तैदी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि शिविर के दौरान कुल 1060 नए आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें मांग से जुड़े 1025 और शिकायतों से संबंधित 35 आवेदन शामिल हैं। इन सभी आवेदनों को संबंधित विभागीय अधिकारियों को सौंपते हुए तय समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निराकरण के सख्त निर्देश दिए गए हैं।

ग्रामीणों को शासन की कल्याणकारी योजनाओं से सीधे जोड़ने के लिए कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा करीब 19 स्टॉल लगाए गए थे। शिक्षा, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, श्रम, कृषि, महिला एवं बाल विकास तथा राजस्व जैसे प्रमुख विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों ने ग्रामीणों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और मिलने वाले लाभों की विस्तार से जानकारी दी। शिविर में जहां कृषि विभाग ने किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड, खाद-बीज और कृषि अनुदान के प्रति जागरूक किया, वहीं पंचायत विभाग ने प्रधानमंत्री आवास योजना और मनरेगा की प्रगति साझा की। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा पोषण व महिला सशक्तिकरण, श्रम विभाग द्वारा श्रमिक पंजीयन और राजस्व विभाग द्वारा जाति, आय व निवास प्रमाण पत्र के लिए मौके पर ही आवेदन लिए गए।

शिविर को संबोधित करते हुए जिला उपाध्यक्ष देवनारायण यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मंशा के अनुरूप सुशासन तिहार का मुख्य उद्देश्य सुदूर गांवों में रहने वाले पात्र व्यक्तियों तक सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ पहुंचाना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार चाहती है कि आम नागरिकों को अपनी छोटी-बड़ी समस्याओं के लिए दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें, बल्कि उनके गांव में ही समाधान उपलब्ध हो। उन्होंने अधिकारियों को दो टूक लहजे में निर्देशित किया कि शिविर में आए हर एक आवेदन का सकारात्मक निराकरण सुनिश्चित कर इसकी जानकारी संबंधित आवेदक को भी दी जाए।

इस जन समस्या निवारण शिविर में न केवल आवेदन लिए गए, बल्कि पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही सामग्री और प्रमाण पत्रों का वितरण कर लाभान्वित भी किया गया। खाद्य विभाग द्वारा नए राशन कार्ड और प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को पूर्णता प्रमाण पत्र के साथ 'खुशियों की चाबी' सौंपी गई। इसके साथ ही, समाज कल्याण विभाग ने परिवार सहायता व मुख्यमंत्री पेंशन योजना, स्वास्थ्य विभाग ने आयुष्मान कार्ड, और शिक्षा विभाग ने जाति प्रमाण पत्रों का वितरण किया। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा गोद भराई एवं अन्नप्राशन के संस्कार संपन्न कराए गए, जबकि कृषि विभाग ने किसानों को हैंड स्प्रे पंप बांटे। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत तिरंगा आजीविका संगठन को 60 हजार रुपये का ऋण और मत्स्य विभाग द्वारा मछुआरा समिति को जाल प्रदान किया गया।

इस गरिमामयी और जनोपयोगी कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य निर्मल कुजूर, मैनपाट जनपद अध्यक्ष संतोषी पैकरा, उपाध्यक्ष अनिल सिंह, बीडीसी हेमंती सिदार, दिगंबर लकड़ा समेत सभी संबद्ध ग्राम पंचायतों के सरपंच, एसडीएम फागेश सिन्हा सिंह, स्थानीय तहसीलदार, जनपद सीईओ सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह