अर्नब तूफान से प्रभावित फसलों का सर्वेक्षण शुरू, कृषि विभाग और बीमा कंपनी की संयुक्त टीमें खेतों में उतरीं
नुकसान का वास्तविक आकलन कर पात्र किसानों को दिलाई जाएगी नियमानुसार क्षतिपूर्ति
धमतरी, 31 अक्टूबर (हि.स.)। चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के प्रभाव से फसलों को हुए संभावित नुकसान का आकलन करने जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। किसानों को नियमानुसार क्षतिपूर्ति और फसल बीमा का लाभ दिलाने के लिए कृषि विभाग एवं संबंधित बीमा कंपनी की संयुक्त टीमें गांव-गांव पहुंचकर प्रभावित खेतों का सर्वेक्षण कर रही हैं।
मैदानी अमले द्वारा फसलों की वास्तविक स्थिति, नुकसान की प्रकृति और प्रभावित रकबे की जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि नुकसान का सही आकलन कर पात्र किसानों को शासन के प्रावधानों के अनुरूप राहत दिलाई जा सके।
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि प्राकृतिक आपदा और प्रतिकूल मौसम की परिस्थितियों में किसानों के हितों की रक्षा करना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए कृषि विभाग और बीमा कंपनी की संयुक्त टीमों को मैदानीस्तर पर सक्रिय किया गया है। उन्होंने अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों का बारीकी से निरीक्षण कर पारदर्शिता के साथ समय-सीमा में सर्वेक्षण रिपोर्ट तैयार करने तथा पात्र किसानों को क्षतिपूर्ति एवं बीमा का लाभ दिलाने की प्रक्रिया में संवेदनशीलता और तत्परता बरतने के निर्देश दिए हैं। जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि सर्वेक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराएं और टीमों को सहयोग दें, ताकि फसल नुकसान का वास्तविक आकलन कर उन्हें नियमानुसार राहत दिलाने की कार्रवाई की जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा