फसल नुकसान आंकलन का सर्वे जारी, जिले में 4500 मिली शिकायतें
धमतरी, 11 नवंबर (हि.स.)। अर्णब चक्रवात से हुई भारी बारिश के चलते किसानों के धान फसल को भारी नुकसान हुआ था। इस पर प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेशभर के कलेक्टरों को फसल नुकसान आंकलन के निर्देश दिए थे। इस पर धमतरी जिले में भी फसल नुकसान आंकलन शुरू हुआ था, लेकिन अभी तक पूरा नहीं हो पाया है। भारत सरकार के टोल फ्री नंबर पर धमतरी जिले के 4500 किसानों ने फसल नुकसान की जानकारी देकर शिकायतें दर्ज कराई थी। मिली शिकायतों के आधार पर जिले में धान फसल नुकसान आंकलन के लिए सर्वे वर्तमान में जारी है। जिले के कितने किसानों को सर्वे के बाद पीएम फसल बीमा योजना का लाभ मिलेगा, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है। पूरा सर्वे के बाद ही आंकड़े व स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
बंगाल की खाड़ी से निर्मित अर्णब चक्रवात का असर प्रदेश समेत जिले तक पहुंचा था। जिले के धमतरी, कुरूद, नगरी, मगरलोड, भखारा, बेलरगांव, कुकरेल समेत सभी तहसीलों में भारी वर्षा हुई थी। इससे किसानों के खेतों में पानी भर गई। पानी भरने से खेतों में तैयार धान फसल जमीन पर गिरकर पानी में डूब गई। लेट वेरायटी के हरी फसल भी पानी में डूब गई। इतना ही नहीं धान फसल की कटाई के बाद खेतों में रखे करपा बारिश में भीग गई थी और कई जगह पानी में डूबी हुई थी। इस बीच बारिश लगातार होती रही, इससे किसानों के धान फसल से पानी की निकासी की बजाय धान फसल पानी में डूबने से सड़ने लगा, इससे किसानों को भारी नुकसान हुआ था। इस बीच फसल नुकसान आंकलन के लिए शासन ने टोल फ्री नंबर जारी किया था, इसमें धमतरी जिले के 4500 किसानों ने भारत सरकार के टोल फ्री नंबर 14447 पर अपनी शिकायतें दर्ज कराकर अर्णब चक्रवात से हुई भारी बारिश से धान फसल को नुकसान होने की जानकारी दी थी। यह आंकड़ा जिले में पीएम फसल बीमा विभाग तक पहुंची है और तत्काल धान फसल नुकसान सर्वे शुरू हो गया था। फसल नुकसान सर्वे आंकलन अभी भी जिले में जारी है। सर्वे पूरा नहीं हो पाया है, चल ही रहा है।
कृषि विभाग एवं राजस्व विभाग से मिली जानकारी के अनुसार जिन किसानों ने टोल फ्री नंबर पर फसल नुकसान की शिकायतें की थी। उनके शिकायत के आधार पर कृषि, राजस्व व बीमा कंपनी के कर्मचारी पहुंचे तो कई किसानों के धान फसल खड़ी पाया गया। हालांकि फसल पानी में डूबी हुई है, लेकिन उन्हें पीएम फसल बीमा योजना के नियमानुसार फसल बीमा का लाभ नहीं मिलेगा। दूसरी ओर जिन किसानों के धान फसल की कटाई के बाद खेतों में पड़े करपा पानी में डूबी व भींगा है, ऐसे ही किसानों को पीएम फसल बीमा योजना के लिए चिन्हांकित किया गया है। फिलहाल बीमा योजना से लाभान्वित होने वाले किसानों कर फाइनल आंकड़ा पूरा नहीं हो पाया है, क्योंकि सर्वे फिलहाल जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा