मन पर विजय का एकमात्र मार्ग है सत्गुरु की शरण: संत लोकेश

 




धमतरी, 23 जून (हि.स.)।अठवानी गली स्थित स्वामी टेऊंराम आश्रम में चालीहा महापर्व चल रहा है। आयोजन के 14वें मंगलवार काे चालीसा पाठ, सत्संग एवं भंडारे का आयोजन हुआ। सत्संग में समाजजनों को संबोधित करते हुए संत लोकेश ने कहा कि मन चंचल होता है। मन ही हमारे जीवन का वास्तविक संचालक है, जो जिद, लालच, क्रोध और अहंकार के बल पर व्यक्ति को अपने वश में कर लेता है। मन को शरीर रूपी गाड़ी का चालक बताते हुए उन्होंने कहा कि बुद्धि भले ही जीपीएस की तरह सही मार्ग दिखाती हो, लेकिन यदि चालक मन उस मार्ग का अनुसरण न करे तो जीवन भटक जाता है।

उन्होंने आगे कहा कि रावण, कुम्भकर्ण, बाली और हिरण्यकश्यप जैसे महाबलशाली पात्रों का उदाहरण देते हुए कहा कि वे शक्ति संपन्न होने के बावजूद मन के वशीभूत होकर अहंकार, निद्रा और लोभ में फंस गए तथा अंततः विनाश को प्राप्त हुए। उन्होंने बताया कि तपस्वी, त्यागी, धर्मात्मा, दानी और वेदों के ज्ञाता विद्वान भी मन के जाल से नहीं बच सके। तपस्या का अहंकार, दान का अभिमान और ज्ञान का गर्व मन की ही उपज है, जिसने अनेक गुणवान लोगों को भी गिरा दिया।

उन्होंने कहा कि मन ही मनुष्य के भीतर भय उत्पन्न करता है। मृत्यु, हार और प्रतिष्ठा खोने का डर इसी मन की देन है। इसलिए आचार्य स्वामी टेऊंराम जी महाराज ने अपने भजन में स्पष्ट कहा है कि संसार में वही व्यक्ति निडर हो सकता है जो सत्गुरु का सच्चा प्यारा बन जाए। गुरु की शरण में जाकर, उनके बताए मार्ग पर चलकर और उनकी शिक्षाओं का पालन कर ही मन को वश में किया जा सकता है। गुरु कृपा ही मन के अशांत साम्राज्य का अंत कर आत्मा के दिव्य राज्य का प्रारंभ करती है। उन्होंने कहा कि बाहरी रावण को हराने से कुछ नहीं होगा, असली रावण मन के भीतर बैठा है और उस पर विजय केवल सत्गुरु की शरण तथा आत्मचिंतन से ही संभव है।

जारी उमंग और श्रद्धा से परिपूर्ण चालीहा महापर्व के 14वें दिन चालीसा पाठ, सत्संग एवं भंडारे का आयोजन रोहरा परिवार के बालचंद रोहरा तथा उनके पुत्रों अशोक, नरेन्द्र, अनिल, दिनेश, संतोष, राजेश एवं पौत्रों साकेत, संदीप, अतुल, रवि, अक्षय, अजय और नमन रोहरा के सहयोग से संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए। कार्यक्रम के अंत में भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण कर आध्यात्मिक लाभ प्राप्त किया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा