अम्बिकापुर : नाबालिग चालकों पर पुलिस की सख्ती, स्कूलों में जागरूकता अभियान के साथ दी वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी

 


अम्बिकापुर, 01 अगस्त (हि.स.)। सरगुजा जिले में नाबालिग बच्चों द्वारा वाहन चलाए जाने (अंडरएज ड्राइविंग) की बढ़ती प्रवृत्ति पर प्रभावी रोक लगाने और सड़क दुर्घटनाओं से सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सरगुजा पुलिस ने एक विशेष जागरूकता अभियान की शुरुआत की है। शासन के निर्देशानुसार डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन में जिला पुलिस और यातायात टीम द्वारा विभिन्न शिक्षण संस्थानों के आसपास यह अभियान चलाया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य स्कूली छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना और उन्हें दुर्घटनाओं से बचाना है।

अभियान के तहत यातायात पुलिस की टीमों ने मल्टीपरपस स्कूल और डी हिलॉक्स स्कूल सहित जिले के कई शिक्षण संस्थानों में पहुंचकर विद्यार्थियों को एकत्रित किया और उन्हें नियमों के पालन की सीख दी। पुलिस ने छात्र-छात्राओं को बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस और बिना हेलमेट के वाहन न चलाने की हिदायत देते हुए बताया कि यह सुरक्षा और कानून दोनों दृष्टिकोण से अनिवार्य है। विद्यार्थियों को स्पष्ट रूप से सलाह दी गई कि वे स्कूल आने-जाने के लिए केवल स्कूल के अधिकृत वाहनों या अपने परिजनों के साथ ही सफर करें।

इसके साथ ही पुलिस प्रशासन ने जिले के सभी विद्यालयों के प्राचार्यों और प्रधान पाठकों को भी पत्र जारी कर निर्देशित किया है कि बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस किसी भी छात्र-छात्रा को दोपहिया वाहन से स्कूल परिसर में आने की अनुमति न दी जाए। अभियान के दौरान यदि कोई नाबालिग वाहन चलाते पकड़ा जाता है, तो उसके परिजनों को मौके पर या थाने बुलाकर काउंसिलिंग की जाएगी। समझाइश और सुधारात्मक प्रक्रिया के बाद भी यदि उल्लंघन जारी रहता है, तो पुलिस द्वारा चालानी कार्रवाई सहित मोटर वाहन अधिनियम के तहत कठोर वैधानिक कदम उठाए जाएंगे।

सरगुजा पुलिस इस अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार कर रही है ताकि अभिभावकों तक भी यह संदेश स्पष्ट रूप से पहुंचे। पुलिस प्रशासन ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे ज़िम्मेदार नागरिक होने का परिचय दें और किसी भी परिस्थिति में अपने नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने न दें। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सड़क सुरक्षा को लेकर यह विशेष जांच व जागरूकता अभियान आने वाले दिनों में भी जिले भर में लगातार जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह