सरगुजा ओलंपिक में एमसीबी का जलवा, 8 गोल्ड सहित 26 पदकों से गूंजा संभाग

 








मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, 25 मार्च (हि.स.)। संभाग स्तरीय सरगुजा ओलंपिक में मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया। 21 से 23 मार्च तक अंबिकापुर में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में जिले ने 8 स्वर्ण, 14 रजत और 4 कांस्य सहित कुल 26 पदक जीतकर अपनी खेल प्रतिभा का दमदार परिचय दिया और पूरे संभाग में अपनी अलग पहचान बनाई।

प्रतियोगिता का शुभारंभ छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किया, जबकि अंतरराष्ट्रीय पहलवान गीता फोगाट की प्रेरक उपस्थिति ने खिलाड़ियों में उत्साह भर दिया। समापन समारोह में दिग्गज फुटबॉलर भाइचुंग भूटिया की मौजूदगी ने आयोजन को और भी गौरवशाली बना दिया।

एमसीबी के खिलाड़ियों ने ट्रैक एंड फील्ड, कुश्ती, कराते और कबड्डी सहित कई स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन किया। 100 मीटर दौड़ में टी. होमेश्वर राव, भाला फेंक में कुमारी अनिता सिंह, ऊंची कूद में आनंद कुमार, कराते में कुमारी आराधना मार्को और 62 किलोग्राम कुश्ती में सीमा सिंह ने स्वर्ण पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया। वहीं कबड्डी में जूनियर बालक, जूनियर बालिका और सीनियर बालक वर्ग की टीमों ने स्वर्ण जीतकर टीम भावना और रणनीति का बेहतरीन प्रदर्शन किया।

कांस्य पदकों में सुरेंद्र सिंह (कराते 67 किग्रा), शनि लुइश (कुश्ती 57 किग्रा), कंचन सिंह (ऊंची कूद) तथा तीरंदाजी में शिवम, मुकेश और चंदन ने भी उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए जिले की झोली में सम्मान जोड़ा। इस ऐतिहासिक सफलता पर कलेक्टर डी. वेंकट राहुल ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए इसे जिले की उभरती खेल प्रतिभा और मेहनत का परिणाम बताया। जिला खेल अधिकारी विनोद जायसवाल ने भी इसे जिले के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया।

हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह