अम्बिकापुर : सरगुजा बास्केटबॉल क्लब का डबल धमाका, जूनियर चैंपियनशिप में बालक-बालिका दोनों वर्ग के खिताब जीते
अम्बिकापुर, 05 जुलाई (हि.स.)। सरगुजा जिला बास्केटबॉल संघ के तत्वावधान में गांधी स्टेडियम के बास्केटबॉल ग्राउंड पर आयोजित तीन दिवसीय जिलास्तरीय बास्केटबॉल जूनियर ओपन चैंपियनशिप का रविवार को रंगारंग समापन हो गया। इस तीन दिवसीय महाकुंभ में जिले के विभिन्न स्कूलों और क्लबों की कुल 12 टीमों ने हिस्सा लिया, जहाँ बालक और बालिका दोनों ही वर्गों में सरगुजा बास्केटबॉल क्लब ने अपने दमदार खेल के बूते खिताबी जीत हासिल की। खेल प्रेमियों से खचाखच भरे मैदान में खिलाड़ियों का उत्साह और हुनर देखते ही बन रहा था।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज रहे। उनके साथ विशिष्ट अतिथि के रूप में महापौर मंजूषा भगत, भाजपा आर्थिक प्रकोष्ठ के प्रदेश सहसंयोजक अभिषेक शर्मा, जिला कार्य समिति सदस्य सत्येंद्र नारायण सिंह, किसान मोर्चा के प्रदेश कार्य समिति सदस्य निशांत सिंह गोल्डी और बलिंदर सिंह छाबड़ा ने उपस्थित होकर खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। अतिथियों ने विजेता और उपविजेता टीमों को चमचमाती ट्रॉफी और मेडल सौंपकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्रतियोगिता के परिणामों पर नज़र डालें तो बालक वर्ग में जहाँ सरगुजा बास्केटबॉल क्लब ने पहला स्थान हासिल किया, वहीं सरगुजा टाइगर्स दूसरे और मॉन्टफोर्ट स्कूल तीसरे स्थान पर रहा। दूसरी ओर, बालिका वर्ग में भी सरगुजा बास्केटबॉल क्लब ने अपनी बादशाहत कायम रखते हुए प्रथम स्थान का खिताब जीता, जबकि सरगुजा टाइटंस को द्वितीय और माउंट लिट्रा ज़ी स्कूल को तृतीय स्थान से संतोष करना पड़ा।
इस मौके पर राष्ट्रीय कोच राजेश प्रताप सिंह ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी नियमित प्रतियोगिताएं युवाओं को बेहतरीन प्रतिस्पर्धी माहौल देती हैं। इससे न केवल खिलाड़ियों का खेल सुधरता है, बल्कि उनका आत्मविश्वास और मानसिक क्षमता भी मजबूत होती है। उन्होंने आगे जोड़ा कि संघ का लक्ष्य स्थानीय प्रतिभाओं को तराश कर जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाना है।
इस पूरे आयोजन को सफल बनाने में निर्णायक और तकनीकी अधिकारी के रूप में रजत सिंह, सुनैना जायसवाल, आकाश गुप्ता, बबीता तिग्गा, अनुपमा तिर्की, प्रिया जायसवाल, खुशबू गुप्ता, प्रज्ञा मिश्रा, दीपेश सिंह, रिमझिम और अभिषेक की भूमिका सराहनीय रही। समारोह के दौरान खेल प्रेमी और शहर के गणमान्य नागरिक आनंद धर दीवान, कृष्ण एक्का, रविंद्र सिंह, प्रकृति राय, आकाश कश्यप, कृष्णकांत, रिंकी सिंह और फैजल भी मौजूद रहे। अंत में सरगुजा जिला बास्केटबॉल संघ ने इस सफल आयोजन के लिए सभी अतिथियों, खिलाड़ियों, स्कूल प्रबंधन, तकनीकी अधिकारियों और अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह