अम्बिकापुर में खुलेंगी कबड्डी, फुटबॉल और बैडमिंटन की अकादमी, मुख्यमंत्री साय का बड़ा ऐलान

 


अम्बिकापुर, 29 नवंबर (हि.स.)। आदिवासी बहुल सरगुजा अंचल की खेल प्रतिभाओं को अब अपनी चमक बिखेरने के लिए संसाधनों की कमी आड़े नहीं आएगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रविवार काे अपने अम्बिकापुर प्रवास के दौरान संभाग के खिलाड़ियों को बड़ी सौगात देते हुए यहां कबड्डी, फुटबॉल और बैडमिंटन के लिए खेल अकादमी खोलने की घोषणा की है। पीजी कॉलेज मैदान में आयोजित दो दिवसीय 'सरगुजा ओलंपिक 2026' के भव्य समापन समारोह के मंच से की गई इस घोषणा ने पूरे संभाग के खेल जगत में नई ऊर्जा भर दी है।

समारोह में सरगुजा संभाग के सभी छह जिलों से आए खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और शिक्षा व खेल जगत की प्रमुख हस्तियों की मौजूदगी के बीच मुख्यमंत्री ने खेल सुविधाओं के विस्तार पर जोर दिया। यह महत्वपूर्ण घोषणा छत्तीसगढ़ राज्य युवा कल्याण आयोग के अध्यक्ष विश्वविजय सिंह तोमर के विशेष आग्रह और मांग पर की गई। मंच से इस पहल पर मुहर लगते ही मैदान तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

सरगुजा अंचल में पारंपरिक और आधुनिक खेलों के प्रति युवाओं का जुनून किसी से छिपा नहीं है, लेकिन पेशेवर प्रशिक्षण और आधुनिक बुनियादी ढांचे के अभाव में कई प्रतिभाएं राज्य या राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने से पहले ही दम तोड़ देती थीं। इन तीन लोकप्रिय खेलों की अकादमी शुरू होने से संभाग के उभरते खिलाड़ियों को अब स्थानीय स्तर पर ही उच्च स्तरीय कोचिंग, आधुनिक संसाधन और खुद को निखारने का सशक्त मंच मिल सकेगा। मुख्यमंत्री की इस घोषणा को सरगुजा के खेल भविष्य को संवारने की दिशा में एक मील का पत्थर माना जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह