अंबिकापुर : साइबर ठगों के मददगारों पर कार्रवाई, बैंक खाता बेचने वाले दो आरोपित गिरफ्तार
अंबिकापुर, 30 मई (हि.स.)। सरगुजा पुलिस ने ऑनलाइन धोखाधड़ी और साइबर अपराधों पर लगाम कसने के लिए 'म्यूल अकाउंट' (फर्जी या किराए के बैंक खातों) के खिलाफ एक बड़ी और ताबड़तोड़ कार्रवाई की है। तकनीकी सेवाएं पुलिस मुख्यालय नवा रायपुर के कड़े निर्देशों के बाद अंबिकापुर के गांधीनगर थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो आरोपितों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर आज शनिवार काे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।
गांधीनगर पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पहले मामले में पुलिस ने तकिया शरीफ (रनपुरखुर्द) के रहने वाले 32 वर्षीय गुफरान जाहिद को गिरफ्तार किया है। आरोपित का बैंक ऑफ बड़ौदा में खाता था, जिसके जरिए देश के विभिन्न राज्यों जैसे कर्नाटक, महाराष्ट्र, राजस्थान, पश्चिम बंगाल, दिल्ली, गुजरात और तेलंगाना से साइबर पुलिस पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायतें दर्ज थीं। वहीं दूसरे मामले में पुलिस ने उसी इलाके के रहने वाले 25 वर्षीय तजमुल अंसारी को दबोचा है। तजमुल के बैंक ऑफ बड़ौदा खाते के खिलाफ भी कर्नाटक, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल और तेलंगाना जैसे राज्यों से ऑनलाइन शिकायतें मिली थीं। इन दोनों खातों में संदिग्ध रूप से भारी मात्रा में ऑनलाइन रकम का लेनदेन पाया गया।
थाना तलब कर की गई कड़ी पूछताछ और मेमोरेण्डम कथन में दोनों ही आरोपितों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। आरोपितों ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि उन्होंने महज पांच-पांच हजार रुपये के लालच में आकर अपने बैंक खाते किसी अज्ञात व्यक्ति को बेच दिए थे। पुलिस ने आरोपितों के पास से अपराध में इस्तेमाल किए गए मोबाइल फोन भी बरामद कर लिए हैं। दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) और 317(4) के तहत मामला पंजीकृत कर उन्हें विधिवत जेल भेज दिया गया है।
इस पूरी महत्वपूर्ण कार्रवाई में गांधीनगर थाना प्रभारी व निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी, आरक्षक अरविंद उपाध्याय, अमृत सिंह, विकास सिंह और रिषभ सिंह की भूमिका सराहनीय रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह