अंबिकापुर : सड़क हादसों पर लगेगी लगाम, पुलिस और प्रशासनिक अमले ने किया ब्लैक स्पॉट्स का औचक निरीक्षण

 




अंबिकापुर, 28 मई (हि.स.)। सरगुजा जिले में लगातार हो रही आकस्मिक सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस प्रशासन ने एक बड़ी पहल शुरू की है। डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल (आईपीएस) के विशेष दिशा-निर्देशों पर अमल करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लो ने प्रशासनिक टीम के साथ थाना मणिपुर और लखनपुर क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले हाईवे के खतरनाक 'ब्लैक स्पॉट्स' का बारीकी से निरीक्षण किया।

इस संयुक्त निरीक्षण दल में हाईवे एसडीओ निखिल लकड़ा, आरटीओ अधिकारी बंटी द्विवेदी, पीडब्ल्यूडी के अधिकारी, यातायात प्रभारी उपनिरीक्षक विजय कैवर्त्य, मणिपुर थाना प्रभारी उपनिरीक्षक सीपी तिवारी और लखनपुर थाना प्रभारी सम्पत पोटाई मुख्य रूप से शामिल रहे।

निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को सख्त लहजे में सुधारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि हादसों को रोकने के लिए चिन्हित किए गए ब्लैक स्पॉट्स पर तत्काल रोड मार्किंग, परिवहन स्टॉपर, स्पीड ब्रेकर, रिफ्लेक्टिव सांकेतिक बोर्ड, परिवहन सावधानी बोर्ड, स्पीड मार्किंग, स्पीड लिमिट बोर्ड और जंक्शन दिशा-सूचक बोर्ड लगाए जाएं।

इसके साथ ही, ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने के लिए स्थानीय ग्राम पंचायतों से बेहतर समन्वय स्थापित कर दुर्घटना रोकने के सभी जरूरी कदम उठाने की बात कही गई है। हाईवे पर रात के वक्त अंधेरे के कारण होने वाले हादसों को रोकने के लिए 'क्रेडा' विभाग को पत्राचार कर पर्याप्त लाइट व्यवस्था और आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि आम जनता का सफर सुरक्षित बनाया जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह