सूरजपुर जिले में 6.84 लाख से अधिक मतदाता, 11 दिसंबर तक दर्ज करा सकेंगे दावा-आपत्ति
सूरजपुर, 12 नवंबर (हि.स.)। सूरजपुर जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों की मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन गुरुवार को कर दिया गया। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर एक जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत प्रकाशित सूची में जिले के कुल 6 लाख 84 हजार 748 मतदाता दर्ज हैं। इस संबंध में उप जिला निर्वाचन अधिकारी राम सिंह ठाकुर ने कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी रेना जमील के निर्देशन में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों की बैठक लेकर प्रारंभिक मतदाता सूची की जानकारी दी।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र 04 प्रेमनगर में कुल 2 लाख 25 हजार 30 मतदाता पंजीकृत हैं। विधानसभा क्षेत्र 05 भटगांव में 2 लाख 29 हजार 842 और विधानसभा क्षेत्र 06 प्रतापपुर में दाे लाख 29 हजार 876 मतदाता दर्ज हैं। बैठक में उपस्थित सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों को प्रारंभिक मतदाता सूची की एक हार्ड कॉपी और एक फोटो रहित सॉफ्ट कॉपी उपलब्ध कराई गई।
निर्वाचन आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक मतदाता सूची से संबंधित दावा-आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। इसके लिए प्रत्येक मतदान केंद्र पर अभिहित अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। इसके अलावा मतदान केंद्रों में तैनात बूथ लेवल अधिकारियों के माध्यम से भी आवेदन प्राप्त किए जाएंगे। मतदाता स्वयं भी वोटर हेल्पलाइन ऐप या voters.eci.gov.in पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन दावा-आपत्ति प्रस्तुत कर सकते हैं।
एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले पात्र युवाओं के साथ ही एक अप्रैल, एक जुलाई और एक अक्टूबर 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले नागरिक भी मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए अग्रिम आवेदन कर सकते हैं। प्राप्त दावा-आपत्तियों का निराकरण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा। इसके बाद चार जनवरी 2027 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय