महतारी वंदन योजना से तबस्सुम निशा को मिला आर्थिक संबल, अब अपनी जरूरतों के लिए नहीं रहना पड़ता निर्भर

 


सूरजपुर, 12 अक्टूबर (हि.स.)। महतारी वंदन योजना के तहत हर महीने मिलने वाली एक हजार रुपये की सहायता राशि महिलाओं को अपनी छोटी-छोटी जरूरतें पूरी करने में मदद कर रही है। सूरजपुर जिले के भैयाथान विकासखंड अंतर्गत दतिमा गांव की निवासी तबस्सुम निशा के लिए भी यह राशि आर्थिक संबल बनी है। योजना से जुड़ने के बाद अब वे अपनी व्यक्तिगत जरूरतों और इच्छाओं को पूरा करने के लिए खुद निर्णय ले पा रही हैं।

तबस्सुम निशा बताती हैं कि पहले अपनी छोटी-छोटी जरूरतों को पूरा करने के लिए भी उन्हें पति पर निर्भर रहना पड़ता था। परिवार की आर्थिक परिस्थितियों को देखते हुए कई बार अपनी इच्छाओं को टालना पड़ता था। ऐसे में महतारी वंदन योजना के तहत मिलने वाली नियमित सहायता राशि से उन्हें राहत मिली है।

हर महीने मिलने वाले एक हजार रुपये से वे अपनी जरूरतों के अनुसार खर्च कर पा रही हैं। उनके लिए यह राशि केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि आत्मविश्वास और स्वाभिमान बढ़ाने का माध्यम भी है। अब उन्हें अपनी छोटी जरूरतों के लिए बार-बार दूसरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ता।

तबस्सुम निशा ने योजना के तहत नियमित आर्थिक सहायता मिलने पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और राज्य शासन के प्रति आभार व्यक्त किया है। उनका कहना है कि इस सहायता से उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।

उल्लेखनीय है कि महतारी वंदन योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। योजना के तहत मिलने वाली नियमित सहायता महिलाओं को अपनी व्यक्तिगत आवश्यकताओं को पूरा करने और आर्थिक निर्णयों में भागीदारी बढ़ाने का अवसर प्रदान करती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय